सार्वजनिक क्षेत्र की बीएसएनएल करीब 6,000 करोड़ रुपये के निवेश से देशभर में 40,000 ‘वाई-फाई हॉटस्पॉट’ स्थापित करेगी. इसके लिए टेंडर जुलाई तक जारी किया जा सकता है और यह परियोजना 2018 तक पूरी होगी.
ताजमहल में वाई-फाई सुविधा की शुरुआत करते हुए दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, ' देशभर में 40,000 ‘वाई-फाई हॉटस्पॉट’ स्थापित करेगी और परियोजना 2018 तक पूरी होने की संभावना है.' मंत्री ने कहा कि इस परियोजना में बीएसएनएल करीब 6,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी.
कंपनी ने सरकार की योजना के तहत ताज महल परिसर में वाई-फाई सुविधा का उद्घाटन किया. सरकार ने सभी बड़े पर्यटक स्थलों में यह सेवा शुरू करने की योजना बनायी है. इस साल 250 स्थानों पर 500 करोड़ रुपये की लागत से 2,500 ‘वाई-फाई हॉटस्पॉट’ स्थापित करेगी.
कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अनुपम श्रीवास्तव ने कहा कि इनमें से 200 ‘हाटस्पाट्’ पहले ही स्थापित किये जा चुके हैं.
इनपुट: भाषा