scorecardresearch
 

प्रेमी के लिए माता-पिता की हत्या, अब खुद भी दी जान... झकझोर देगी नर्स सुरेखा की कहानी

तेलंगाना के संगारेड्डी में माता-पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार नर्स नक्काला सुरेखा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पुलिस के मुताबिक सुरेखा ने 24 जनवरी 2026 को विकाराबाद के याचारम गांव में अपने माता-पिता को कथित तौर पर बेहोश करने वाली दवा की अधिक मात्रा दी थी.

Advertisement
X
नर्स सुरेखा ने एक हॉस्टल में की आत्महत्या. (Photo: Representational )
नर्स सुरेखा ने एक हॉस्टल में की आत्महत्या. (Photo: Representational )

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां अपने माता-पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार की गई एक महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान नक्काला सुरेखा के रूप में हुई है. वह संगारेड्डी के एक निजी अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती थी. जनवरी 2026 में उसे विकाराबाद जिले में अपने माता-पिता की मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया था.

इंस्टाग्राम के जरिए आई थी युवक के संपर्क में
पुलिस के मुताबिक 24 जनवरी को विकाराबाद जिले के बंटवारम मंडल के याचारम गांव में सुरेखा के माता-पिता दशरथ और लक्ष्मी मृत पाए गए थे. शुरुआती तौर पर उनकी मौत को सामान्य माना जा रहा था, लेकिन घटनास्थल से सीरिंज और इंजेक्शन की खाली शीशियां मिलने के बाद पुलिस को शक हुआ. जांच के दौरान सामने आया कि सुरेखा कथित तौर पर इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक के संपर्क में आई थी और उससे प्रेम करने लगी थी. वह उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे. पुलिस को शक था कि इसी विरोध के चलते उसने अपने माता-पिता की हत्या की साजिश रची.

जांच अधिकारियों के अनुसार सुरेखा ने नर्स होने का फायदा उठाकर कथित तौर पर उस निजी अस्पताल से बेहोश करने वाली दवा हासिल की, जहां वह काम करती थी. आरोप है कि 24 जनवरी की रात उसने अपने माता-पिता को दवा की अधिक मात्रा दे दी. इसके बाद उनकी मौत को स्वाभाविक दिखाने की कोशिश की गई. पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की और सुरेखा के बयानों की जांच की. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. पुलिस ने दवा के स्रोत और अस्पताल से उसके कथित कनेक्शन की भी जांच की थी.

Advertisement

हॉस्टल में की आत्महत्या
अब पुलिस के अनुसार सुरेखा ने संगारेड्डी के शांतिनगर स्थित एक निजी हॉस्टल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसने कथित तौर पर उसी तरह की दवा का इस्तेमाल किया, जो उसके माता-पिता की मौत के मामले की जांच में सामने आई थी.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सुरेखा की आत्महत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने आत्महत्या के लिए दवा कहां से हासिल की थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement