scorecardresearch
 

Love Marriage के 12 साल बाद महिला की मौत, पति की पिटाई का पुराना वीडियो वायरल

तेलंगाना के खम्मम जिले में 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार ने पति पर हत्या और घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं. महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. घटना के बाद पति का एक पुराना मारपीट का वीडियो भी सामने आया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
पति ने की पत्नी की हत्या. (Photo: Screengrab)
पति ने की पत्नी की हत्या. (Photo: Screengrab)

तेलंगाना के खम्मम जिले में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना तिरुमलायापालेम मंडल के गोल थांडा गांव की है, जहां 30 वर्षीय गूगुलोथ मीनाक्षी मृत अवस्था में मिलीं. पुलिस ने मामले में पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. मृतका की पहचान गूगुलोथ मीनाक्षी के रूप में हुई है. उन्होंने करीब 12 साल पहले गांव के ही रहने वाले बनोथ शिवाजी से प्रेम विवाह किया था. दोनों के दो बेटे भी हैं. परिवार के अनुसार शादी के कुछ समय बाद से ही मीनाक्षी को घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था.

मीनाक्षी के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शिवाजी कई वर्षों से उनकी बेटी को मारता-पीटता था. परिवार का कहना है कि मीनाक्षी के नाम पर बीमा राशि थी और आरोपी पति उसी रकम पर नजर रखे हुए था. परिजनों ने महिला की मौत के पीछे साजिश और हत्या की आशंका जताई है. परिवार ने यह भी बताया कि दंपति आर्थिक तंगी से गुजर रहा था. उन पर घर का बड़ा लोन भी था, जिसको लेकर अक्सर विवाद होता था. परिजनों का आरोप है कि मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना लगातार जारी थी.

घटना के कुछ घंटों बाद एक पुराना वीडियो भी सामने आया, जिसमें शिवाजी कथित तौर पर मीनाक्षी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो पहले मीनाक्षी के एक रिश्तेदार ने रिकॉर्ड किया था. पुलिस सूत्रों के अनुसार उस समय परिवार के बुजुर्गों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था. शिवाजी ने परिवार को भरोसा दिया था कि वह आगे मीनाक्षी के साथ मारपीट नहीं करेगा. इसी कारण वीडियो को उस समय सार्वजनिक नहीं किया गया.

Advertisement

पति पर घरेलू हिंसा और हत्या का आरोप

हालांकि परिजनों का कहना है कि समझौते के बाद भी प्रताड़ना बंद नहीं हुई. पुलिस में दी गई शिकायत में परिवार ने आरोप लगाया है कि मीनाक्षी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो महिला के शरीर पर कई चोट के निशान पाए गए. इसके बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया. जांच अधिकारी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर हत्या कर इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई.

तिरुमलायापालेम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर वी. श्रीनिवास ने बताया कि आरोपी पति को पूछताछ के लिए लाया गया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है. इंस्पेक्टर ने कहा कि शुरुआती जांच में यह साफ है कि महिला के साथ मारपीट हुई थी. उन्होंने बताया कि अगर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है तो FIR में बदलाव कर हत्या की धाराएं जोड़ी जाएंगी.

पुलिस ने पति को हिरासत में लिया

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर एंगल से जांच की जा रही है. पुलिस परिवार, पड़ोसियों और अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि महिला की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके. इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और पारिवारिक प्रताड़ना जैसे मुद्दों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इलाके में इस मामले को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज है और सभी की नजरें अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement