scorecardresearch
 

पहले 500 चुराते थे फिर करोड़ों...राम मंदिर में CCTV निगरानी में ढील से बढ़े चढ़ावा चोरों के हौसले 

राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की जांच में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शुरुआत 500 रुपये के नोट चुराने से हुई थी, लेकिन सीसीटीवी निगरानी में कथित ढिलाई और लंबे समय तक पकड़े न जाने से उनके हौसले बढ़ते गए. पुलिस अब रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क और धन के इस्तेमाल की जांच कर रही है.

Advertisement
X
पहले 500 चुराते थे फिर करोड़ों! CCTV निगरानी में ढील से बढ़े चढ़ावा चोरों के हौसले  (Photo: file photo)
पहले 500 चुराते थे फिर करोड़ों! CCTV निगरानी में ढील से बढ़े चढ़ावा चोरों के हौसले  (Photo: file photo)

अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की जांच अब ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जहां पुलिस का मानना है कि कई अहम सच सिर्फ दस्तावेजों से नहीं, बल्कि आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने से सामने आएंगे. इसी कड़ी में अयोध्या पुलिस ने जेल में बंद अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

कंट्रोल रूम से गायब रहते थे कर्मचारी

जांच में सामने आया है कि चढ़ावे की गिनती वाले काउंटिंग रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कथित लापरवाही का आरोपियों ने पूरा फायदा उठाया. पुलिस के मुताबिक, कई बार कंट्रोल रूम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं रहता था, जिससे उन पर नजर रखने वाला कोई नहीं होता था और चोरी करना उनके लिए आसान हो जाता था.

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि नौकरी मिलने के महज दो-तीन महीने बाद ही छह कर्मचारियों ने मिलकर चढ़ावे से रकम निकालनी शुरू कर दी थी. शुरुआत में वे 500 रुपये के एक-दो नोट कपड़ों में छिपाकर बाहर ले जाते थे. जब लंबे समय तक उनकी करतूत पकड़ी नहीं गई तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया और धीरे-धीरे वे नोटों की गड्डियां तथा बाद में बड़ी रकम निकालने लगे.

Advertisement

चढ़ावा चोरों ने मानी 2 से 3 करोड़ चोरी की बात

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सामूहिक रूप से करीब 2 से 3 करोड़ रुपये तक की कथित चोरी की बात स्वीकार की है. जांच एजेंसियों के अनुसार, इस रकम का इस्तेमाल सात आरोपियों ने अयोध्या समेत अन्य स्थानों पर संपत्तियां खरीदने में किया.

सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट ने चार और पांच जून के आसपास आरोपियों के ठिकानों से लगभग 79 लाख रुपये नकद और कुछ आभूषण बरामद कराए थे. गिरफ्तारी के बाद भी उनके पास से अतिरिक्त नकदी मिलने की जानकारी सामने आई है. बरामद जेवरों का सत्यापन कराया जा रहा है. यदि उनके वैध खरीद या उपहार में मिलने के प्रमाण मिलते हैं तो उन्हें परिजनों को वापस किया जाएगा, अन्यथा उन्हें चोरी की संपत्ति मानते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement