लोकसभा चुनाव 2019 का रिजल्ट आने में अभी वक्त बचा है, लेकिन पीएम मोदी समेत पूरा एनडीए अभी से ही जश्न के मूड में दिख रहा है. आज पीएम मोदी एनडीए के सहयोगी दलों के साथ बैठक कर रहे हैं. बैठक में जिस तरह एनडीए का पूरा कुनबा आह्लादित दिखा, उससे लग रहा कि सभी को यकीन हो चला है कि जिस तरह एग्जिट पोल उनके मुफीद रहा है, ठीक वैसे ही रिजल्ट भी रहने वाले हैं.
बैठक से पहले पीएम मोदी का गर्मजोशी के साथ इस्तकबाल किया गया. हालांकि यह औपचारिकता ही होती है, लेकिन इस बैठक में जिस प्रकार पीएम मोदी का स्वागत किया गया, वह काबिलेगौर है. लगभग सभी एग्जिट पोल ने केंद्र में एक बार फिर मोदी सरकार की वापसी के संकेत दिए हैं. ये संकेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और तमाम मंत्रियों के हाव-भाव और उनके आत्मविश्वास में दिख रहा था. पार्टी दफ्तर में एक बड़ी सी माला से पीएम मोदी का स्वागत किया गया.
लोकसभा चुनाव खत्म होते ही उद्योगपति अनिल अंबानी ने एक बड़ा फैसला लिया है. अनिल अंबानी की मालिकाना हक वाली रिलायंस ग्रुप ने फैसला लिया है कि राफेल सौदे पर एक लेख को लेकर कांग्रेस नेताओं और नेशनल हेराल्ड अखबार के खिलाफ दायर मानहानि का मुकदमा वापसा लिया जाएगा. ये मानहानि का मुकदमा 5000 करोड़ का है और अहमदाबाद की अदालत में दर्ज है. इस मुकदमे की सुनवाई सिटी सिविल सेशन जज पी जे तमकुवाला की अदालत में हो रही थी.
अरुणाचल प्रदेश में उग्रवादियों ने एक बड़े हमले को अंजाम दिया है. तिरप जिले में उग्रवादियों ने हमला कर एनपीसी विधायक समेत 11 लोगों की हत्या कर दी है. इस हमले में विधायक के पीएसओ (सुरक्षा अधिकारी) को भी गोली लगी है और इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.