बेंगलुरु में आपराधिक मामले बढ़ते जा रहे हैं. हाल ही में एक शख्स के एक महिला को ब्लैकमेल करके उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाने का मामला सामने आया है. आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो वो उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल कर देगा.
43 वर्षीय एक महिला ने 30 अप्रैल को राजराजेश्वरी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. इसके पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान 46 वर्षीय हनियुर चंद्रगौड़ा के रूप में हुई है. वो रामनगर में बाल कल्याण समिति (CWC) का सदस्य है.
एफआईआर के मुताबिक, पीड़ित महिला और चंद्रगौड़ा की मुलाकात साल 2021 में हुई थी. महिला पेशे से मेकअप आर्टिस्ट है. आरोपी ने खुद को टीवी सीरियल्स से जुड़ा हुआ बताया था और उसने मेकअप का काम दिलाने के बहाने महिला का फोन नंबर लिया था,
शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध
पीड़ित महिला पिछले आठ साल से अपने पति से अलग रह रही थी. चंद्रगौड़ा ने महिला को भरोसा दिलाया कि वो एक लेक्चरर है और उसे अच्छी सैलरी मिलती है. उसने शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए. पुलिस ने बताया कि बाद में चंद्रगौड़ा ने महिला की निजी तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल उसे डराने के लिए किया.
प्राइवेट फोटो-वीडियो लीक करने की दी धमकी
आरोपी ने महिला को धमकी दी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी, तो वो इन तस्वीरों को वायरल कर देगा. डर और दबाव में आकर महिला को उसकी बात माननी पड़ी. लेकिन आरोपी की धोखाधड़ी यहीं नहीं रुकी. साल 2024 में उसने महिला के दस्तावेजों का इस्तेमाल करके एक घर किराए पर लिया. वहां उसने खुद को महिला का पति बताया.
महिला के साथ 5 लाख की ठगी
आरोपी ने महिला की बेटी के स्कूल के दस्तावेजों में अपना नाम जोड़ दिया और खुद को उसका पिता दिखाने की कोशिश की. महिला का आरोप है कि आरोपी ने 2021 से अब तक उससे करीब 5 लाख रुपये लिए और वापस नहीं किए. उसने टोल टैक्स बचाने के लिए एसपी का फर्जी आईडी कार्ड भी बनवाया था.
यह भी पढ़ें: ट्रेन में दोस्ती की फिर अश्लील वीडियो बनाकर बुजुर्ग को फंसाया, ब्लैकमेल कर ठगे 8.8 लाख रुपये
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (धोखे से यौन संबंध बनाना) और धारा 204 (लोक सेवक का भेष धारण करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.