पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में BJP की बड़ी जीत के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. बीजेपी सूत्रों के अनुसार, बंगाल में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 10 मई से पहले हो सकता है, क्योंकि 9 मई को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है और इसी कारण इस तारीख को विशेष महत्व दिया जा रहा है.
सूत्रों का कहना है कि बंगाल में नई सरकार बनाने की रूपरेखा तैयार करने के लिए बीजेपी के दिग्गज नेताओं की दिल्ली में बड़ी बैठक होगी. इस बैठक में शुभेंदु अधिकारी, समिक भट्टाचार्य, भूपेंद्र यादव, सुनील बंसल, बिप्लब देब और अमित मालवीय शामिल होंगे. ये सभी नेता गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मिलकर मंत्रिमंडल, राज्य में आगे की राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा करेंगे. बताया जा रहा है कि ये महत्वपूर्ण बैठक आज देर रात या कल हो सकती है.
सूत्रों का ये भी कहना है कि बंगाल की संस्कृति और परंपरा को ध्यान में रखते हुए शपथ ग्रहण की टाइमिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर जयंती होने के कारण ये दिन सरकार की शुरुआत के लिए एक प्रतीकात्मक और बड़ा अवसर हो सकता है.
9 को होगा शपथग्रहण: सामिक भट्टाचार्य
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने नई सरकार के शपथग्रहण बारे में जानकारी देते हुए समाचार एजेंसी से कहा, 'उम्मीद क्या, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल (सोमवार) को ही स्पष्ट कर दिया था कि 9 मई को शपथग्रहण समारोह होगा, क्योंकि 9 मई को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है. पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होगा...'
बीजेपी ने जीतीं 206 सीटें
बता दें कि बीजेपी ने बंगाल विधानसभा चुनाव में अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए दो तिहाई से ज्यादा बहुमत हासिल किया है. बीजेपी ने बंगाल में 206 सीटें जीत कर इतिहास रच दिया है तो सत्तारूढ़ टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई है, जबकि एक सीट पर अभी-भी ममता की पार्टी ने बढ़त बनाई हुई है. इसके अलावा ममता बनर्जी खुद भवानीपुर से चुनाव हार गई हैं.
वहीं, चुनाव में करारी हार के बाद टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने बीजेपी पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए 100 सीटों पर मतगणना में धांधली की बातें कही हैं.