scorecardresearch
 

NSA डोभाल बोले- मैंने न तो किसी अखबार को इंटरव्यू दिया और न ही PAK से वार्ता रद्द हुई

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने इससे इनकार किया है कि उन्होंने दैनिक भास्कर को कोई इंटरव्यू दिया है. डोभाल ने कहा कि पाकिस्तान से विदेश सचिव स्तरीय वार्ता रद्द नहीं हुई है.

Advertisement
X
अजीत डोभाल
अजीत डोभाल

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के इंटरव्यू पर विवाद हो गया है. इस इंटरव्यू में डोभाल के हवाले से दावा किया गया है कि 15 जनवरी को होने वाली भारत-पाकिस्तान विदेश सचिव स्तरीय वार्ता रद्द कर दी गई है. लेकिन डोभाल ने इस इंटरव्यू का खंडन किया है. इंडिया टुडे से बातचीत के दौरान डोभाल ने कहा कि मैं किसी को इंटरव्यू नहीं दिया करता.

किसने किया था इंटरव्यू
डोभाल का यह इंटरव्यू दैनिक भास्कर ने किया है. इसमें डोभाल से पठानकोट हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर भारत की आगे की रणनीति के बारे में पूछा गया है. इसके मुताबिक डोभाल ने जवाब में कहा है कि 'पाकिस्तान को लेकर एक ही पॉलिसी है. जब तक पाकिस्तान पठानकोट के गुनहगारों पर कड़ी कार्रवाई नहीं करेगा और भारत उस एक्शन से संतुष्ट नहीं होगा, तब तक कोई शांति वार्ता नहीं करेंगे. इसी के तहत भारत ने रद्द कर दी है.'

Advertisement

जवाब में डोभाल ने क्या कहा
इस इंटरव्यू के प्रकाशित होने के बाद खबर फैल गई कि भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ विदेश सचिव स्तरीय वार्ता रद्द कर दी है. इसके बाद डोभाल का खंडन आया. उन्होंने साफ किया कि 'यह वार्ता रद्द नहीं की गई है. अखबार भी जल्द ही इसका खंडन छापने वाला है. मेरे ऑफिस की ओर से भी खंडन जारी किया जा रहा है. मैं किसी को इंटरव्यू नहीं दिया करता हूं. फिर मैं दैनिक भास्कर को इंटरव्यू कैसे दे सकता हूं?'


न्यूज एजेंसी पीटीआई ने 4 जनवरी को खबर दी थी कि केंद्र सरकार 15 जनवरी को इस्लामाबाद में पाकिस्तान के साथ होने वाली विदेश सचिव स्तर की वार्ता के बारे में 'विकल्प पर विचार कर रही है.' इसके बाद कयास लगाए जाने लगे थे कि पठानकोट आतंकी हमले के बाद यह वार्ता रद्द की जा सकती है. हमले में हमारे सात जवान शहीद हो गए थे. पीएम नरेंद्र मोदी के लाहौर दौरे के बाद वार्ता की तारीख तय हुई थी.

Advertisement
Advertisement