scorecardresearch
 

पंजाब: तरनतारन में ASI की गोलियों से भूनकर हत्या, महीने भर पहले भतीजे का हुआ था मर्डर

Tarn Taran Police ASI Murder: तरनतारन के नौशहरा पन्नूआ में फिरोजपुर पुलिस के ASI इकबाल सिंह की गोलियां मारकर हत्या. गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर लौट रहे थे अफसर. महीने भर पहले भतीजे की भी हुई थी हत्या. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

Advertisement
X
पुलिस ASI इकबाल सिंह बिना वर्दी के घर से निकले थे.(Photo:ITG)
पुलिस ASI इकबाल सिंह बिना वर्दी के घर से निकले थे.(Photo:ITG)

पंजाब के तरनतारन जिले में रविवार को पुलिस एएसआई की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. थाना सरहाली के तहत आने वाले गांव नौशहरा पन्नूआ में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने ASI इकबाल सिंह को निशाना बनाया. घटना उस समय हुई जब इकबाल सिंह गांव के स्थानीय गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. वारदात के वक्त वह सिविल कपड़ों में थे.

मृतक ASI इकबाल सिंह निवासी नौशहरा पन्नूआ (फिरोजपुर) पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे. रविवार को छुट्टी या निजी काम से गांव आए इकबाल सिंह जब गुरुद्वारा साहिब से दर्शन कर अपनी बाइक पर वापस लौट रहे थे, तभी घात लगाकर आए बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.

सीने और शरीर के ऊपरी हिस्से में कई गोलियां लगने के कारण ASI इकबाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हथियारबंद हमलावर मौके से फरार हो गए.

ठीक एक महीने पहले हुई थी भतीजे अजमीत की हत्या

इस खूनी वारदात के तार पारिवारिक रंजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़ते नजर आ रहे हैं. बता दें कि 11 सितंबर को यानी ठीक एक महीने पहले ASI इकबाल सिंह के भतीजे अजमीत सिंह की भी बाइक सवार बदमाशों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी. हालांकि, अजमीत मर्डर केस का मुख्य आरोपी बाद में पुलिस एनकाउंटर में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था.

Advertisement

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मृतक अजमीत सिंह के खिलाफ तरनतारन के सरहाली थाना रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) अटैक मामले सहित आधा दर्जन संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच

वारदात की सूचना मिलते ही तरनतारन जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं और ASI इकबाल सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है.

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और गांव व आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चला रही है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या यह हमला भतीजे अजमीत सिंह की हत्या से जुड़ी किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement