पंजाब के फगवाड़ा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां रविवार शाम को एक गांव में किराए के मकान में 42 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई. पुलिस को शक है कि हत्या उसके पति ने की है, जो घटना के बाद से लापता है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.
सूचना मिलने पर चक हकीम गांव में घटनास्थल पर पहुंचे फगवाड़ा के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) पलविंदर सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान कुलविंदर कौर के तौर पर हुई है. वह एक फैक्ट्री में काम करती थी, जबकि उसका पति देविंदर सिंह राजमिस्त्री था. DSP ने बताया कि महिला की यह दूसरी शादी थी. उसके पहले पति की मौत हो चुकी थी. उनकी कोई संतान नहीं थी.
सिर में चोट के चलते हुई मौत
अधिकारी ने बताया कि पति-पत्नी के रिश्ते अच्छे नहीं थे. रविवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके दौरान पति ने कथित तौर पर उसके सिर पर किसी भारी चीज़ से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि यह जोड़ा मूल रूप से बंगा ब्लॉक के लंगेरी गांव का रहने वाला था, लेकिन पास के ही चक हकीम गांव में किराए के मकान में रह रहा था.
आरोपी कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के बाद लंगेरी गांव भाग गया और उसे पकड़ने की कोशिशें की जा रही हैं. मृतका के परिवार वालों ने पत्रकारों को बताया कि उनकी शादी को चार साल हो चुके थे. लेकिन दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं था.