पंजाब के पटियाला शहर के अर्बन स्टेट इलाके में बुधवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब डीसीडब्ल्यू पोल के नजदीक एक नीले रंग के ड्रम में अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए अर्बन स्टेट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक मृतक युवती की उम्र करीब 15 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है. शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की नीयत से ड्रम में भरकर सुनसान जगह पर फेंका गया हो सकता है. हालांकि पुलिस ने अभी इस मामले में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.
घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रम को वहां कौन लेकर आया और घटना के पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं.
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि डीसीडब्ल्यू पोल के पास एक ड्रम में इंसानी शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान ड्रम के अंदर एक युवती का शव मिला. उन्होंने बताया कि फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है.
टैटू के आधार पर हुई युवती की पहचान
पुलिस अधिकारी के अनुसार मृतका के एक हाथ पर “नेहा” नाम का टैटू बना हुआ है, जबकि दूसरी बांह पर दिल के निशान वाला टैटू भी मिला है. पुलिस का मानना है कि इन टैटू के आधार पर युवती की पहचान करने में मदद मिल सकती है. शव को सरकारी राजिंदरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा.
फिलहाल पुलिस इलाके में गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाल रही है. इस घटना के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.