लुधियाना के सबसे व्यस्त इलाके मॉडल टाउन एक्सटेंशन में राइटवे वीजा कंसल्टेंट्स के दफ्तर पर फायरिंग का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की और फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक, एक युवक ने दफ्तर को निशाना बनाकर 2-3 राउंड गोलियां चलाईं और फरार हो गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के बताया कि मामला देर रात का है और हर एंगल से जांच की जा रही है.
इस बीच, पंजाब में पुलिसकर्मियों पर टारगेटेड हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार को तरनतारन के नौशेहरा पन्नुआं में पंजाब पुलिस की इंटेलिजेंस विंग में तैनात ASI इकबाल सिंह की हत्या कर दी गई.
बाइक सवार हमलावरों ने इसे अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि हमलावर एक सफेद स्विफ्ट गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए थे. इन हमलों में बाइक सवार हमलावर शामिल रहे हैं और ज्यादातर घटनाएं सीमावर्ती जिलों में हुई हैं.
यह साल में पंजाब पुलिसकर्मियों पर टारगेटेड हमले की पांचवीं घटना है. इन हमलों में अब तक पांच पुलिसकर्मियों की जान जा चुकी है, जबकि दो पुलिसकर्मी गोलीबारी की घटनाओं में बाल-बाल बचे हैं. अधिकतर हमले पंजाब के सीमावर्ती जिलों जैसे अमृतसर, तरनतारन और गुरदासपुर में हुए हैं.