scorecardresearch
 

चंडीगढ़ हिट एंड रन केस: नाबालिग चला रहा था मर्सिडीज, नशे में थे दोनों आरोपी! बढ़ सकती हैं धाराएं

चंडीगढ़ के चर्चित मर्सिडीज हिट एंड रन मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में घटना की वजह कार का दरवाजा खुलने के बाद हुआ विवाद सामने आया है. पुलिस को आरोपियों के शराब के नशे में होने का संदेह है, हालांकि इसकी पुष्टि फॉरेंसिक और अल्कोहल टेस्ट रिपोर्ट के बाद होगी.

Advertisement
X
चंडीगढ़ मर्सिडीज हिट एंड रन केस में पुलिस ने एक ना​बालिग समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया. (Photo: ITG)
चंडीगढ़ मर्सिडीज हिट एंड रन केस में पुलिस ने एक ना​बालिग समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया. (Photo: ITG)

चंडीगढ़ के चर्चित मर्सिडीज हिट एंड रन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है. चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी पी. अभिनंदन ने आजतक से बातचीत में बताया कि बालिग आरोपी की पहचान अखिल हसराना के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला है. 

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत एफआईआर दर्ज की है. फिलहाल दोनों धाराएं जमानती हैं. आरोपी अखिल हसराना को सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा, जबकि कार चला रहे 17 वर्षीय नाबालिग को कानून के प्रावधानों के तहत जमानत दे दी गई है.

यह भी पढ़ें: पहले हटाई नंबर प्लेट, फिर भीड़ पर चढ़ा दी मर्सिडीज़... चंडीगढ़ में 21 साल के युवक की करतूत

कार का गेट खुलने से हुआ विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, घटना उस समय शुरू हुई जब क्लब से बाहर निकलते वक्त अखिल हसराना ने अपनी मर्सिडीज कार का दरवाजा खोला. दरवाजा एक युवक से टकरा गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और हाथापाई शुरू हो गई. इसके बाद कार से टक्कर मारने की घटना हुई. पुलिस के अनुसार, कार अखिल हसराना के नाम पर रजिस्टर है, जिसकी उम्र करीब 18 वर्ष 6 महीने है. हालांकि, घटना के समय कार हसराना का 17 वर्षीय नाबालिग साथी चला रहा था.

Advertisement

घटना में 3 नाबालिग हुए थे घायल

इस घटना में तीन लोग घायल हुए थे. पुलिस के मुताबिक, इनमें से दो घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक घायल का अब भी इलाज चल रहा है. घायलों में अलीस्प्रीत सिंह (शिकायतकर्ता), निवासी सेक्टर-44, चंडीगढ़, अमजद (17 वर्ष), निवासी बापूधाम कॉलोनी और अक्षित (17 वर्ष), निवासी पंचकूला शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, तीनों पीड़ित नाबालिग हैं.

यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ फायरिंग केस और कैशियर हत्याकांड में बड़ा एक्शन, मुख्य शूटर सनी और आर्यन पुलिस मुठभेड़ में घायल

आरोपियों के नशे में होने का शक

प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में थे. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फॉरेंसिक जांच और अल्कोहल टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी. पुलिस ने कहा कि अस्पताल से मेडिको-लीगल रिपोर्ट (MLR) मिलने के बाद एफआईआर में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement