वोट चोरी के आरोपों और वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष का विरोध जारी है. इसी कड़ी में शुक्रवार को विपक्षी दलों के सांसद संसद के सेंट्रल हॉल में जुटे. राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने की तैयारी कर रहे हैं. राष्ट्रपति भवन की तरफ से विपक्षी नेताओं को मिलने के लिए शुक्रवार रात 8 बजे का समय दिया गया है.
ऐसे में सभी विपक्षी सांसद राष्ट्रपति के सामने अपने-अपने क्षेत्रों और राज्यों में वोटर लिस्ट से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाना चाहते हैं. कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी और सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि विपक्ष इस मामले में राष्ट्रपति से हस्तक्षेप करने और सभी सांसदों को अपनी बात रखने का अवसर देने की मांग करेगा.
Live Updates:
-विपक्षी दलों की बैठक के लिए ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पहुंच गए हैं. राहुल गांधी भी सेंट्रल हॉल पहुंच चुके हैं.

वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई: इमरान प्रतापगढ़ी
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पिछले कई महीनों से वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है और यह आंदोलन देशभर में फैल चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीते कुछ दिनों में विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया. प्रतापगढ़ी ने राहुल गांधी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का भी जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि विपक्ष इस संघर्ष को लोकतांत्रिक सत्याग्रह के रूप में आगे बढ़ा रहा है. इसी के तहत राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगा गया है. विपक्षी सांसद राष्ट्रपति से चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर हस्तक्षेप करने की अपील करना चाहते हैं.
'सभी 300 सांसद राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं'
कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा के करीब 300 विपक्षी सांसद राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि न तो चुनाव आयोग और न ही राष्ट्रपति से सभी सांसदों को मिलने का अवसर मिल पा रहा है. उनके मुताबिक, राष्ट्रपति भवन की ओर से केवल 10 लोगों को मुलाकात की अनुमति मिली है.
नासिर हुसैन ने कहा कि हर सांसद अपने संसदीय क्षेत्र और राज्य की स्थिति के साथ SIR प्रक्रिया के दौरान सामने आई कथित अनियमितताओं की रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंपना चाहता है. उन्होंने राष्ट्रपति से सभी सांसदों की बात सुनने की अपील की.
रात 8 बजे राष्ट्रपति से मुलाकात
विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए शुक्रवार रात 8 बजे का समय मिला है. रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल में 10 नेता शामिल होंगे. विपक्ष ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपनी शिकायतें राष्ट्रपति के सामने रखने के लिए मुलाकात का समय मांगा था.
विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान पारदर्शिता नहीं बरती गई और मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर गंभीर सवाल हैं. विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और पूरे मामले की जांच की मांग कर रहा है. चुनाव आयोग और भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है.