scorecardresearch
 

दिल्ली के LG बदले... तरनजीत सिंह संधू को मिली कमान, वीके सक्सेना बने लद्दाख के उपराज्यपाल

बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है. उनकी जगह तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का उपराज्यपाल बनाया गया है. कई राज्यों में राज्यपालों की अदला-बदली भी की गई है. ये नियुक्तियां कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी.

Advertisement
X
वीके सक्सेना (L) लद्दाख के एलजी बने, दिल्ली में तरनजीत सिंह संधू ने उनकी जगह ली. (Photo: PTI)
वीके सक्सेना (L) लद्दाख के एलजी बने, दिल्ली में तरनजीत सिंह संधू ने उनकी जगह ली. (Photo: PTI)

केंद्र सरकार ने देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपाल और उपराज्यपाल पदों पर बदलाव किए हैं. बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का नया एलजी नियुक्त किया है. राष्ट्रपति ने उनकी यह नियुक्ति स्वीकार कर ली है. उनकी जगह तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है. तरनजीत सिंह संधू भारतीय विदेश सेवा के सेवानिवृत्त राजनयिक हैं. वह श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त और संयुक्त राज्य अमेरिका में भारत के 28वें राजदूत के रूप में कार्य कर चुके हैं.

राष्ट्रपति ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी. वी. आनंद बोस का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है. उनके स्थान पर आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जो इस नियुक्ति के पहले तमिलनाडु के राज्यपाल थे. इस व्यापक फेरबदल के तहत शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है, जो इस नियुक्ति से पहले हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल थे. तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. भगत सिंह कोश्यारी के इस्तीफा देने के बाद से महाराष्ट्र में राज्यपाल पद पर कोई स्थायी नियुक्ति नहीं हुई थी. गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत महाराष्ट्र के राज्यपाल पद का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे. 

बिहार के राज्यपाल भी बदले

इसके अलावा बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वह आरिफ मोहम्मद खान की जगह लेंगे. वहीं केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. इसके साथ ही कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है, जो इस नियुक्ति से पहले लद्दाख के उपराज्यपाल थे. ये सभी नियुक्तियां संबंधित पदों का कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement