पद्म भूषण डॉ. सुभाष सी. कश्यप का निधन हो गया है. उन्होंने 97 साल की उम्र में अपने आवास पर आखिरी सांस ली. जानकारी के मुताबिक, सुभाष कश्यप की मौत कार्डियो-पल्मोनरी अरेस्ट की वजह से हुई है. डॉ. सुभाष सी. कश्यप देश के जाने-माने संवैधानिक विशेषज्ञ, राजनीतिक जानकार और संसदीय मामलों के एक्सपर्ट थे.
सुभाष कश्यप का जन्म 10 मई 1929 को हुआ था. उन्होंने भारतीय संसद से जुड़ी तमाम जिम्मेदारियां संभाली. वे 1984 से 1990 तक 7वीं, 8वीं और 9वीं लोकसभा के महासचिव रहे.
डॉ. सुभाष कश्यप ने 1953 में संसद सचिवालय से अपना कार्यकाल शुरू किया और करीब 37 साल तक संसद से जुड़े रहे. वे भारतीय संविधान, संसदीय प्रक्रिया और संवैधानिक कानून के प्रमुख जानकारों में गिने जाते थे. उन्होंने जिनेवा स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर पार्लियामेंट्री डॉक्यूमेंटेशन (IPU) का भी नेतृत्व किया था.
सुभाष कश्यप भारत सरकार के लिए पंचायती राज कानूनों और संस्थाओं के मानद संवैधानिक सलाहकार भी रहे. इसके अलावा, संविधान की कार्यप्रणाली की समीक्षा के लिए गठित राष्ट्रीय आयोग के सदस्य और उसकी ड्राफ्टिंग एवं एडिटोरियल कमेटी के अध्यक्ष भी रहे.
सार्वजनिक मामलों के क्षेत्र में सुभाष कश्यप के योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2015 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था. वे लंबे वक्त तक भारतीय राष्ट्रीय बार एसोसिएशन (INBA) के अध्यक्ष भी रहे.