श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद पर मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होने वाली है. जस्टिस अविनाश सक्सेना की अदालत दोपहर 2 बजे से मामले में सुनवाई करेगी.
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर विवाद को आपसी सहमति से सुलझाने के लिए लोक अदालत में समझौता वार्ता कराई गई थी लेकिन इसका कोई हल नहीं निकला. 18 अगस्त को हुई आखिरी बैठक में मुस्लिम पक्ष के शामिल नहीं होने के कारण समझौते की कोशिश विफल हो गई थी. इसके बाद लोक अदालत ने वार्ता को नाकाम मान लिया था. हिंदू पक्ष के वकील महेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए तीन बार बैठकें बुलाई गई. लेकिन 18 अगस्त को मुस्लिम पक्ष की गैरमौजूदगी के कारण बात आगे नहीं बढ़ पाई.
समझौता वार्ता से जुड़े मामले पर 21, 22 और 23 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने वाली थी. लेकिन इन तारीखों पर सुनवाई नहीं हो सकी. ऐसे में, मंगलवार को हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है.
यह भी पढ़ें: श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद: लोक अदालत में नहीं पहुंचा मुस्लिम पक्ष, सुलह की कोशिश नाकाम
हिंदू पक्ष ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण से जुड़े मामले पर आज की सुनवाई से उन्हें उम्मीद है कि आगे की प्रकिया को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी. हिंदू पक्ष का कहना है कि वे कानून और न्यायिक प्रक्रिया में आस्था रखते हैं और इसी से मामले का हल चाहते हैं.
श्रीकृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह मस्जिद विवाद पर मंगलवार को होने वाली सुनवाई पर सबकी निगाहें हैं. सुप्रीम कोर्ट में निर्धारित पिछली तिथियों पर सुनवाई नहीं होने के कारण आज की हाई कोर्ट की सुनवाई बहुत खास मानी जा रही है.