केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी केरलम में आयोजित करने की पेशकश की है. दिल्ली में हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शन को दिखाने वाली उनकी कुछ तस्वीरें बीकानेर हाउस में लगी प्रदर्शनी से हटाए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ.
रेहान वाड्रा कलाकार और फोटोग्राफर हैं. उनका कहना है कि दिल्ली में बीकानेर हाउस प्रशासन ने उनकी प्रदर्शनी 'नो आइडिया इज फाइनल' से विरोध प्रदर्शनों की कई तस्वीरें उतरवा दी गईं. उन्होंने दावा किया कि प्रशासन ने बुधवार शाम 5 बजे तक तस्वीरें ना हटाने पर प्रदर्शनी रद्द करने की चेतावनी दी थी.
सीएम सतीशन ने गुरुवार को सोशल मीडिया X पर रेहान वाड्रा और प्रियंका गांधी को टैग करते हुए लिखा, "केरलम को रेहान वाड्रा की 'नो आइडिया इज फाइनल' प्रदर्शनी आयोजित करके खुशी और गर्व होगा. इसका कोई हिस्सा बाहर नहीं होगा और कोई अपवाद नहीं होगा".
रेहान ने बुधवार को कहा था कि उन्होंने प्रदर्शनी का प्रस्ताव और उसका लेआउट काफी पहले बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ साझा कर दिया था. उनके मुताबिक, तस्वीरों में कोई राजनीतिक संदेश नहीं था, बल्कि उनमें पिछले छह महीनों के विरोध प्रदर्शनों का एक ब्यौरा मात्र था.
यह भी पढ़ें: 'प्रियंका गांधी का राहुल से भरोसा उठ गया है...' रेहान वाड्रा विवाद पर बीजेपी का निशाना
प्रियंका गांधी ने तस्वीरें हटाने को कहा बेतुका
प्रियंका गांधी ने तस्वीरें हटाने के कदम की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे जो लोग कलात्मक अभिव्यक्ति से डरते हैं, वे आखिरकार उसी सत्ता को खो देते हैं जिसे वे बचाना चाहते हैं. कांग्रेस सांसद ने तस्वीरें हटाए जाने को बेतुका बताया और अधिकारियों पर देश भर के युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया.
'बेटे को लॉन्च करने का कोई और तरीका खोजें'
बीकानेर हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि प्रशासन को इस मामले पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है. वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को फर्जी बताते हुए नकारा है. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने गुरुवार को कहा कि बीकानेर हाउस की नीति राजनीतिक सामग्री दिखाने की इजाजत नहीं देती. साथ ही उन्होंने प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अपने बेटे को राजनीति में लॉन्च करने के लिए उन्हें कोई दूसरा तरीका खोजना चाहिए.