मध्य प्रदेश से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. रतलाम जिले में आवारा कुत्ते के हमले के बाद तीन साल की बच्ची की मौत हो गई. गुरुवार की शाम मजदूर दंपति की बेटी मनीषा भाभर अपने घर के आंगन में खेल रही थी. इसी दौरान आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह काट लिया. हमले के बाद बच्ची बुरी तरह जख्मी हो गई. इसके बाद परिजन आनन फानन में बच्ची को जिला अस्पताल लेकर गए, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जिला अस्पताल के डॉक्टर जीवन चौहान के मुताबिक, कुत्ते ने बच्ची के सिर और पीठ पर बुरी तरह काटा था. दोनों जगह गहरे घाव होने की वजह से बच्ची की हालत और नाजुक होती गई. इस हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी. इसके बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच की और बच्ची को मृत घोषित कर दिया.
बच्ची को अस्पताल ले जाने पड़ोसी ने बताया घटना के समय बच्ची के दादा-दादी खेतों में काम कर रहे थे. पड़ोसी के मुताबिक, बच्ची के माता-पिता दोनों मजदूरी करते हैं और काम के सिलसिले में दोनों राजस्थान के अजमेर गए हुए थे, इस वजह से बच्ची घटाना के वक्त आंगन में अकेली खेल रही थी.
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद: सुबह-सुबह कुत्ता घुमाने निकली छात्रा पर झपटा जर्मन शेफर्ड, मालिकों के खिलाफ FIR दर्ज
पुलिस करेगी घटना की जांच
दीनदयाल नगर पुलिस थाने के प्रभारी अनुराग यादव ने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी. फिलहाल बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना के बाद बच्ची के घर में मातम पसरा हुआ है. वहीं कुत्ते के इस बर्बर हमले से इलाके में भी डर का माहौल है.