भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका के प्रतिष्ठित लीजन ऑफ मेरिट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को इस सम्मान से नवाज़ा. अमेरिका में भारतीय एम्बेसडर तरणजीत संधु ने पीएम मोदी की तरफ से इस सम्मान को रिसीव किया.
लीजन ऑफ मेरिट अमेरिका का सबसे सम्मानित अवॉर्ड में से एक है, जो किसी अमेरिकी सेना के अफसर, देश के लिए कुछ बेहतरीन करने वाले व्यक्ति या फिर किसी दूसरे देश के प्रमुख को दिया जाता है.
“President presented the Legion of Merit to Indian Prime Minister Narendra Modi for his leadership in elevating the U.S.-India strategic partnership. Ambassador accepted the medal on behalf of Prime Minister Modi.” –NSA Robert C. O’Brien
— NSC (@WHNSC)
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओब्रायन ने अपने ट्वीट में लिखा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लीजन ऑफ मेरिट से सम्मानित किया है, उन्होंने जिस तरह भारत को ग्लोबल स्टेज पर पहुंचाया है और भारत-अमेरिका के रिश्तों को मजबूत किया है उसके लिए ये सम्मान दिया गया है.
देखें आजतक LIVE TV
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा इस बार ये सम्मान ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन और पूर्व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे को दिया गया है.
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के दौरान भारत और अमेरिका के रिश्ते आगे बढ़े. पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच भी केमेस्ट्री काफी चर्चा में रही, फिर चाहे अमेरिका में हुआ हाउडी मोदी कार्यक्रम हो या फिर भारत में हुआ नमस्ते ट्रंप का कार्यक्रम, दोनों ने ही दुनियाभर में सुर्खियां बटोरी.
हालांकि, कई बार डोनाल्ड ट्रंप भारत के खिलाफ आक्रामक बयान देते नज़र आए. लेकिन अब जब डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस को अलविदा कह रहे हैं, तो भारत आगे चलकर जो बाइडेन के साथ काम करने की ओर देख रहा है.
आपको बता दें कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सऊदी अरब, फिलीस्तीन, यूएई, रूस, मालदीव समेत अन्य कई देशों ने अपने यहां के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है.