मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NDA का 'मंगल मिलन' कार्यक्रम हुआ. मंगल मिलन कार्यक्रम में रोजगार को लेकर प्रेजेंटेशन दी गई. प्रेजेंटेशन में बताया गया कि 2014 से भारत में रोजगार, कौशल और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आया है.
प्रेजेंटेशन में बताया गया कि 10 साल के NDA शासनकाल में करीब 17 करोड़ रोजगार सृजित हुए हैं. जबकि UPA कार्यकाल में 2.9 करोड़ रोजगार सृजित हुए हैं.
प्रेजेंटेशन में बेरोजगारी दर की भी बात की गई. इसमें बताया गया कि साल 2025 में भारत की बेरोजगारी दर घटकर 3.1% रह गई. यह कई विकसित देशों और वैश्विक औसत 4.8% से बेहतर बताया गया है. प्रेजेंटेशन में बताया गया कि 'मेक इन इंडिया', PLI स्कीम और ₹2 लाख करोड़ के 'PM पैकेज' जैसी पहलों से युवाओं की योग्यता 2013 के मुकाबले 34% से बढ़कर 2025 में 56% हो गई है.
यह भी पढ़ें: 'हंगामा नहीं, संवाद करें', मॉनसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक में बोले CM योगी
रोजगार पर प्रेजेंटेशन के साथ ही खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने खेलों पर प्रेजेंटेशन दिया. उन्होंने बताया कि 2014 के बाद से खेल इकोसिस्टम में बहुत से बदलाव किए गए और इसका सकारात्मक असर देखने को मिला. 'खेलो इंडिया', 'फिट इंडिया' जैसे कार्यक्रमों से बुनियादी ढांचे और शासन में सुधार किया गया है.
उन्होंने बताया कि खेलों में भारत का प्रदर्शन काफी बेहतर हुआ है. उन्होंने एशियाई खेलों में भारत के सफल प्रदर्शन का जिक्र करते हुए बताया कि एशियाई खेलों में पहली बार भारत ने 107 पदक जीते हैं. साथ ही पैरा-एशियन गेम्स में 111 पदक और विश्व एथलेटिक्स में पहला स्वर्ण पदक भी भारत ने जीता है.
मांडविया ने बताया कि ग्लास्गो CWG 2026 में कई प्रमुख खेलों के न होने के बावजूद, भारत ने 8 खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए बॉक्सिंग में 7 गोल्ड सहित 10 पदक और जूडो में पहला गोल्ड मेडल जीता.
खेल मंत्री ने बताया कि भारत 2030 में कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी करने वाले है, वहीं 2036 ओलंपिक की दावेदारी की भी योजना बना रहा है.