मुंबई में एक बाइक पर तीन लोगों के बैठकर बिना हेलमेट और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए बाइक चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में युवक खुलेआम ट्रैफिक नियम तोड़ने और मुंबई पुलिस को चुनौती देने जैसी बातें करते नजर आ रहे थे. इस मामले में मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि वीडियो बनाने वाले तीसरे युवक की तलाश जारी है.
26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे तीन युवक सीएसएमटी स्टेशन के सामने डी.एन. रोड पर एक बाइक पर ट्रिपल सीट बैठकर जा रहे थे. तीनों ने हेलमेट भी नहीं पहना था. बाइक तेज और लापरवाही से चलाई जा रही थी.
इस दौरान बाइक चला रहा दिलशाद खान था. उसके बीच में बैठे आमिर खान ने मोबाइल से सेल्फी वीडियो बनाया, जबकि सबसे पीछे मोहम्मद शाकिर मणियार बैठा था.
वीडियो में तीनों युवक जोर-जोर से कहते सुनाई दे रहे थे कि हम तीनों एक बाइक पर बैठे हैं, हमारे पास हेलमेट नहीं है और हम ट्रैफिक सिग्नल भी तोड़ रहे हैं, फिर भी हमारा कुछ नहीं होगा, क्योंकि मुंबई हमारी है.
इस तरह वे सड़क पर स्टंट करते और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते दिखाई दिए. इस वीडियो के आधार पर आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. ट्रैफिक पुलिसकर्मी अभिमन्यु पाटिल की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. देखें VIDEO:-
गिरफ्तार आरोपी
1. दिलशाद रमजान अली खान (22 वर्ष) निवासी मेहंदी नगर, शिवड़ी, मुंबई. यह बाइक चला रहा था और वीडियो में तेज आवाज में बोलते हुए दिखाई दे रहा था.
2. मोहम्मद शाकिर मणियार (19 वर्ष) निवासी हल्लाव पुल, कुर्ला, मुंबई. यह बाइक पर सबसे पीछे बैठा था.
फरार आरोपी
आमिर खान मूल निवासी कोटिया बाजार, सिद्धार्थ नगर, उत्तर प्रदेश. इसने मोबाइल से वीडियो बनाया था. पुलिस इसकी तलाश कर रही है.
आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125 के साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 128(1), 129, 184 और 190(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. मुंबई पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए हैं.