scorecardresearch
 

कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद: गोविंद देव महाराज बोले- यहां भी अयोध्या जैसा मंदिर बनेगा

मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद को लेकर स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने हिंदू पक्ष की जीत की उम्मीद जताई है. उनका कहना है कि मथुरा में भी अयोध्या की तरह भव्य मंदिर का निर्माण होगा. इस दौरान उन्होंने देश की एकता में RSS की भूमिका की सराहना की और देश को बांटने की साजिशों पर चिंता जताई.

Advertisement
X
महाराज ने मामले में हिंदू पक्ष की जीत का दावा किया. (Photo: ITG)
महाराज ने मामले में हिंदू पक्ष की जीत का दावा किया. (Photo: ITG)

अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद अब मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद का मामला भी चर्चा में आ गया है.स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने उम्मीद जताई कि अदालत में चल रहे मामले में हिंदू पक्ष की जीत होगी. उन्होंने दावा किया कि मथुरा में भी अयोध्या की तरह ही भव्य मंदिर का निर्माण होगा.

स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष और श्री कृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट के उपाध्यक्ष हैं. इंदौर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह राम मंदिर का सपना साकार हुआ है, उसी तरह कृष्ण मंदिर भी बनेगा. 

महाराज इंदौर की सामाजिक संस्था 'सार्थक' और आयोजित 'समर्पण के प्रतीक' थीम पर आधारित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे. इस दौरान उन्होंने देश के हालात पर भी अपनी राय दी.

मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद पर अदालती कार्यवाही पर टिप्पणी करते हुए स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने कहा, 'राम मंदिर बन गया है. कृष्ण मंदिर भी बनेगा. इसका निर्माण वैसा ही होगा जैसा पूरा देश चाहता है. मामला अदालत में चल रहा है और इसमें कुछ भी बहुत मुश्किल नहीं है.'

Advertisement

देश को बांटने की साजिश का जिक्र

स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने कहा कि पिछले 150-200 सालों से भारत को खान-पान, जाति, भाषा, क्षेत्र और संप्रदायों के आधार पर बांटने की साजिश रची जा रही है. उनके मुताबिक, देश की जनता आज भी इन साजिशों का नतीजा झेल रही है.

यह भी पढ़ें: श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मामले में हिंदू पक्ष को झटका, मस्जिद को विवादित ढांचा घोषित करने की मांग वाली याचिका खारिज

RSS की भूमिका की तारीफ

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के योगदान पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि देश की एकता को बनाए रखने में संघ की बड़ी भूमिका रही है. महाराज ने कहा, 'मैं कभी-कभी सोचता हूं कि अगर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ न होता तो इस देश का क्या होता. इस देश का भूगोल बदल गया होता और देश टुकड़ों में बंट गया होता.'

स्वामी जी ने विश्वास दिलाया कि भगवान जल्द ही लोगों की मनोकामनाएं पूरी करेंगेय उन्होंने अयोध्या का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां प्रभु राम के जन्मस्थान पर मंदिर का निर्माण एक मिसाल है और मथुरा में भी वैसा ही होगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement