उदयपुर के लालघाट में बुधवार सुबह प्री-वेडिंग शूट के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और हंगामे में बदल गया. आरोप है कि शूट कर रहे फोटोग्राफर दीपक सोनी के साथ दुकान मालिक सरदार खान और उसके परिवार के सदस्यों ने मारपीट की. बेटे के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद सोनी को भी कथित तौर पर निशाना बनाया गया. घटना की जानकारी फैलते ही पत्रकारों और क्षेत्रवासियों में नाराजगी फैल गई. देखते ही देखते मामला विरोध प्रदर्शन तक पहुंच गया.
जानकारी के मुताबिक, दीपक सोनी लालघाट के पास प्री-वेडिंग शूट कर रहे थे. इसी दौरान दुकान मालिक के साथ उनका विवाद हो गया. आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद वहां मारपीट शुरू हो गई. दीपक के साथ सरियों से हमला किए जाने की बात भी सामने आई है. घायल दीपक ने फोन कर अपने पिता और वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद सोनी को घटना की जानकारी दी. बेटे की सूचना मिलते ही प्रमोद सोनी मौके पर पहुंचे. आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की. उनका कॉलर पकड़कर दुकान के अंदर ले जाने और बंधक बनाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है. बताया जा रहा है कि मौके पर हालात बिगड़ने के दौरान प्रमोद सोनी ने आरोपियों से माफी तक मांगी, ताकि वह वहां से सुरक्षित निकल सकें. इसके बाद घायल दीपक सोनी का मेडिकल करवाया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पत्रकारों में आक्रोश बढ़ गया.
थाने पहुंचे करीब दो दर्जन पत्रकार
मामले की सूचना मिलते ही करीब दो दर्जन पत्रकार थाने पहुंचे. इसके बाद पत्रकारों और क्षेत्रवासियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने पुलिस को मौके पर बुलाने और मामले में कार्रवाई करने की मांग उठाई. हालात को देखते हुए हाथीपोल थाना सीआई राजू देवी और धानमंडी थाना सीआई गजवीर सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को समझाने और स्थिति शांत करने का प्रयास किया. हालांकि, पत्रकारों और क्षेत्रवासियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. प्रदर्शनकारियों ने मारपीट के आरोपों के साथ इलाके में कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया. उनकी मांग थी कि क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए. विरोध बढ़ता देख डिप्टी एसपी राजेश यादव और घंटाघर थाना सीआई रत्न सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
घटना के बाद मामला केवल मारपीट के आरोपों तक सीमित नहीं रहा. प्रदर्शनकारियों ने इलाके में कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी. इसी बीच मामले की जानकारी मिलने पर महापौर ने क्षेत्र में कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू करवाई. इसके साथ ही आरोपी सरदार खान की दुकान को सीज करने की कार्रवाई भी शुरू की गई. नगर निगम की कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि केवल अतिक्रमण हटाने से मामला खत्म नहीं होगा. उनकी मांग थी कि मारपीट के आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले में कार्रवाई जरूरी है. दुकान पर कार्रवाई शुरू होने के बाद भी उनका विरोध जारी रहा और वे अपनी मांगों को लेकर डटे रहे.
जगदीश चौक पहुंचकर जारी रखा प्रदर्शन
घटनास्थल पर नगर निगम की कार्रवाई के बाद पत्रकार और क्षेत्रवासी जगदीश चौक पहुंचे. यहां उन्होंने अपना प्रदर्शन जारी रखा. करीब आधे घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल अपना आंदोलन समाप्त कर दिया, लेकिन पुलिस प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो एक बार फिर प्रदर्शन किया जाएगा.
लालघाट में प्री-वेडिंग शूट के दौरान शुरू हुआ विवाद अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है. फोटोग्राफर दीपक सोनी के साथ मारपीट और उन्हें बचाने पहुंचे वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद सोनी के साथ कथित मारपीट की घटना ने पत्रकारों और क्षेत्रवासियों को नाराज कर दिया है. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ इलाके में कथित अवैध अतिक्रमण पर भी कदम उठाने की मांग की है. अब पुलिस प्रशासन के सामने मामले में कार्रवाई करने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की चुनौती है. प्रदर्शनकारियों ने 48 घंटे का समय दिया है. ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस प्रशासन इस दौरान क्या कदम उठाता है.