महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो रही है. अमरावती, अकोला और नागपुर में अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश के कारण सामान्य जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. किसानों की फसलें पानी में डूब गई हैं.
अमरावती के कई इलाके लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जलमग्न हैं. नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है. नांदगांव खंडेश्वर में आपदा प्रबंधन की टीमों ने मोकड़ नदी में फंसे एक परिवार के 7 लोगों को बचाया. बालापुर में भी भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं. नदियों का पानी सड़कों पर आ गया है. महाराष्ट्र के विदर्भ में लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. कई लोगों के घरों में भी पानी घुस आया है.
दर्यापुर में नदी-नालों के उफान पर होने के कारण फसलें खराब हो रही हैं. हजारों हेक्टेयर में कपास, तूर और सोयाबीन की फसलें पानी में डूब गई हैं. दूसरी तरफ, अकोला के बालापुर में मन, महेश और भिखुंड नदी उफान पर हैं. नदियों का पानी सड़कों पर आ गया है. फिलहाल नदी किनारे रहने वाले लोगों को प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने और नदियों के करीब न जाने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर से महाराष्ट्र तक मॉनसून की मार! नदियां उफान पर, बस डूबी, 5 VIDEOS
थिलोरी क्षेत्र में भी नदी और नाले उफान पर हैं, लगातार हो रही बारिश के चलते खेतों में पानी भर आया है. आलम यह है कि कई जगह खेतों ने नदियों का रूप ले लिया है. अमरावती जिले के मेलघाट क्षेत्र में भी भारी बारिश का असर देखने को मिल रहा है. धारणी तहसील के कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ते जा रहा है. इसके कारण कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया. दरअसल, पुल के ऊपर पानी बहने के कारण रास्ते को कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा. यहां भी प्रशासन ने लोगों को नदी, नालों के नजदीक न जाने की सलाह दी है.
अकोला जिले की बात करें तो अकोला में पिछले 24 घंटों से धुआंधार बारिश हो रही है. निचले इलाके जलमग्न हैं. अकोला के मोर्णा नदी और पूर्णा नदी के कैचमेंट एरिया में भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. अकोला के बालापुर में भी तीन नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.
ऐसे में प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने और नदी, नाले तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है.