scorecardresearch
 

बेटे ने पहले मां को भिजवाया जेल, 13 साल बाद कोर्ट में मिला तो लिपट कर रोया... भावुक कर देगी ये कहानी

केरल के कासरगोड में 13 साल बाद एक मां का अपने दोनों बच्चों से भावुक मिलन हुआ. साल 2013 में 12 वर्षीय बेटे की शिकायत पर मां को गिरफ्तार किया गया था. जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गई और अलग रहने लगी.

Advertisement
X
पिता के कहने पर 13 साल पहले बेटे ने दर्ज कराई थी FIR. (Photo: Representational )
पिता के कहने पर 13 साल पहले बेटे ने दर्ज कराई थी FIR. (Photo: Representational )

केरल के कासरगोड में एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसमें 13 साल की दूरी, टूटते रिश्ते और मां-बच्चों के दोबारा मिलने की उम्मीद एक साथ नजर आती है. जिस बेटे की शिकायत पर कभी मां को जेल जाना पड़ा था, वही बेटा 12 साल की उम्र से 25 साल का हो गया. इस दौरान मां और बच्चों के बीच वक्त ने लंबी दूरी बना दी. लेकिन एक पुराने मामले में पुलिस की तलाश ने परिवार को एक बार फिर आमने-सामने ला खड़ा किया. अदालत में हुई इस मुलाकात ने सालों से बिछड़े रिश्तों को फिर से जोड़ने की उम्मीद जगा दी.

बेटे की शिकायत के बाद बिछड़ गया परिवार
एक एजेंसी के मुताबिक यह मामला केरल के कासरगोड जिले के चीमेनी का है. पुलिस के मुताबिक महिला की शादी हुई थी और उसके एक बेटा और एक बेटी थे. परिवार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था. साल 2013 में पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव बढ़ गया. इसी दौरान उनका 12 वर्षीय बेटा अपने पिता के साथ चित्तरीकल पुलिस स्टेशन पहुंचा और मां पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई.

इस शिकायत के आधार पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया. महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. बाद में जमानत पर रिहा होने के बाद वह फरार हो गई. इसके बाद परिवार के सदस्यों की जिंदगी अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ने लगी.

Advertisement

बेटा पिता के साथ रहा, बेटी को दादी ने पाला
पुलिस के मुताबिक महिला के फरार होने के बाद उसका पति दूसरी शादी कर चुका था. उनका बेटा पिता के साथ ही रहा, जबकि बेटी का पालन-पोषण उसकी दादी ने किया. देखते ही देखते 13 साल बीत गए. जिस बेटे ने बचपन में मां के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, वह अब 25 साल का हो चुका था. बेटी भी बड़ी हो गई और दोनों की शादी हो चुकी है.

इस लंबे अंतराल में मां अपने बच्चों से दूर रही. वह केरल के अलग-अलग इलाकों में रहने लगी और बाद में तिरुवल्ला में एक बुजुर्ग की देखभाल करने का काम करने लगी. बताया जाता है कि वह कोच्चि की एक नर्सिंग एजेंसी के माध्यम से केयरगिवर के तौर पर काम कर रही थी.

पुलिस की तलाश ने 13 साल बाद मिलाए मां-बच्चे
एक पुराने मामले में फरार महिला की तलाश कर रही चित्तरीकल पुलिस को जांच के दौरान नर्सिंग एजेंसी के बारे में सुराग मिला. इसके बाद पुलिस तिरुवल्ला पहुंची और 21 अक्टूबर को महिला को गिरफ्तार कर लिया.

लेकिन अदालत में पेशी के दौरान इस मामले का सबसे भावुक पहलू सामने आया. 13 साल से मां से दूर रहे उसके दोनों बच्चे उससे मिलने पहुंचे थे. जिस बेटे की शिकायत के बाद यह कानूनी मामला शुरू हुआ था, उसने अदालत से कहा कि अब वह मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहता. उसने इस संबंध में हलफनामा भी जमा किया. बच्चों के इस रुख और मामले की परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने महिला को जमानत दे दी.

Advertisement

दो दिन बच्चों के साथ रही मां, अब लौटने की उम्मीद
जमानत मिलने के बाद महिला ने अपने दोनों बच्चों के साथ दो दिन बिताए. यह मुलाकात उसके लिए 13 साल बाद अपने बच्चों के करीब आने का मौका थी. हालांकि, इसके बाद वह फिर तिरुवल्ला लौट गई, जहां वह एक बुजुर्ग की देखभाल कर रही है.

पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चे चाहते हैं कि उनकी मां अब उनके पास लौट आए. बच्चों का कहना है कि उन्होंने 2013 में अपने पिता के कहने पर शिकायत दर्ज कराई थी. महिला ने भी बच्चों के साथ हमेशा रहने की उम्मीद जताई है.

हालांकि, फिलहाल उसकी वापसी में कुछ जिम्मेदारियां और कानूनी औपचारिकताएं बाकी हैं. महिला ने कहा है कि वह बुजुर्ग की देखभाल के लिए उचित व्यवस्था करने और अदालत की प्रक्रिया पूरी करने के बाद वापस आएगी.

अदालत ने शिकायतकर्ता का पक्ष सुनने के लिए मामले की अगली सुनवाई अगले महीने तय की है. अब 13 साल बाद हुई इस मुलाकात ने मां और बच्चों के फिर से एक साथ रहने की उम्मीद जरूर जगा दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement