scorecardresearch
 

प्रोटेस्ट के दौरान RAF जवान ने चलाई थी पेलेट गन! असेसमेंट रिपोर्ट हो रही तैयार

दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन से फायरिंग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. मामले की जांच शुरू हो गई है और RAF जवान पर आरोप हैं। CRPF ने अभी तक कोई आधिकारिक निष्कर्ष जारी नहीं किया है.

Advertisement
X
दिल्ली में प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन से फायरिंग का मामला तूल पकड़ रहा है
दिल्ली में प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन से फायरिंग का मामला तूल पकड़ रहा है

राजधानी दिल्ली में प्रोटेस्ट के दौरान छात्रों पर पेलेट गन से फायरिंग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. मामले में जांच की कवायद शुरू हो गई है. सूत्रों के मुताबिक RAF जवान ने पेलेट गन चलाई थी. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर सीआरपीएफ (CRPF) ने अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष जारी नहीं किया है. सूत्रों का कहना है कि बल इस मामले में विस्तृत आंतरिक रिपोर्ट तैयार कर रहा है, जिसमें RAF की कार्रवाई और पूरे ऑपरेशन की समीक्षा की जाएगी. 

CRPF तैयार कर रहा है रिपोर्ट

जानकारी के मुताबिक, 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस इलाके में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) के एक जवान द्वारा पेलेट राउंड चलाए जाने की जानकारी सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, पेलेट राउंड जमीन पर टकराकर बिखरे, जिससे कुछ प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर सीआरपीएफ (CRPF) ने अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष जारी नहीं किया है. 

Jantar Mantar

कार्रवाई और ऑपरेशन की होगी समीक्षा

सूत्रों का कहना है कि फोर्स इस मामले में विस्तृत आंतरिक रिपोर्ट तैयार कर रहा है, जिसमें RAF की कार्रवाई और पूरे ऑपरेशन की समीक्षा की जाएगी. सीआरपीएफ के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान 47 से अधिक RAF जवान भी घायल हुए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आईं.

हालात को कंट्रोल करने के लिए दिल्ली पुलिस और RAF ने आंसू गैस, लाठीचार्ज और अन्य भीड़ नियंत्रण उपायों का इस्तेमाल किया था. सीआरपीएफ का कहना है कि किसी भी बड़े अभियान के बाद पोस्ट-इवेंट असेसमेंट करना उसकी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का हिस्सा है और इसी प्रक्रिया के तहत इस कार्रवाई के सभी पहलुओं का मूल्यांकन किया जा रहा है.

Advertisement

राहुल गांधी ने उठाए थे पेलेट गन के इस्तेमाल पर सवाल

बता दें कि दिल्ली में 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बीती 25 जुलाई को पत्र लिखा था. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर सुरक्षा बलों ने अंधाधुंध बल प्रयोग किया और पूरे मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए.

Rahul Gandhi

25 जुलाई 2026 को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि छात्र निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर कथित तौर पर घातक हथियारों और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई में सैकड़ों छात्र घायल हुए और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया.

राहुल गांधी ने अपनी चिट्ठी में पैलेट गन के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाया. उन्होंने लिखा कि मीडिया और सोशल मीडिया में सामने आए वीडियो गंभीर चोटों की ओर इशारा करते हैं. उन्होंने 19 वर्षीय छात्र साहिल लोछाब का जिक्र करते हुए कहा कि वह गंभीर रूप से घायल है और उसकी एक आंख की रोशनी जाने का खतरा बताया जा रहा है. उन्होंने एक घायल पत्रकार का भी जिक्र किया.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement