जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शिवा मार्केट में रविवार देर रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. आग ने देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीमें जुटी हुई हैं. इस हादसे में बड़े पैमाने पर नुकसान होने की आशंका है. घटनास्थल पर पहुंचे बीजेपी विधायक विक्रम रंधावा ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिवा मार्केट एक बड़ा व्यावसायिक केंद्र है. यहां ड्राई फ्रूट्स, कंबल और अन्य सामान की दुकानें हैं. इसके अलावा खाने-पीने के प्रतिष्ठान और ढाबे भी मौजूद हैं.
विधायक विक्रम रंधावा के मुताबिक, एक दुकान में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी और तेजी से आसपास की दुकानों में फैल गई. दमकल की गाड़ियां पहुंचने तक आग ने पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया था.
35 से 40 दुकानें पूरी तरह जलने का अनुमान
विक्रम रंधावा ने कहा कि उनके अनुमान के मुताबिक करीब 35 से 40 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं. हालांकि, आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि दुकानदार प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं. मौके पर डिप्टी कमिश्नर (DC), एसपी साउथ, डीएसपी और एसएचओ समेत पुलिस और प्रशासन की पूरी टीम मौजूद है. सिविल सोसाइटी के सदस्य भी राहत कार्यों में मदद कर रहे हैं.
बीजेपी विधायक ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है. फिलहाल प्राथमिकता आग पर काबू पाने की है. इसके बाद प्रभावित दुकानदारों को मुआवजा देने के मुद्दे पर प्रशासन से बातचीत की जाएगी.