scorecardresearch
 

लखनऊ में 2000 किलो खराब मिठाइयां कराईं नष्ट, होली से पहले नकली पनीर और रंगीन कचरी भी जब्त

होली से पहले यूपी के बाराबंकी, आजमगढ़, हापुड़, लखनऊ, अयोध्या, सहारनपुर और राजस्थान के अलवर फूड डिपार्टमेंट ने छापेमारी की. इस दौरान हजारों किलो मिलावटी खोया, पनीर, मिठाइयां, दूध और रंगीन कचरी जब्त की गईं. कई स्थानों पर संदिग्ध खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया, जबकि सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं.

Advertisement
X
फूड डिपार्टमेंट ने छापेमारी कर भरे सैंपल. (Photo: ITG)
फूड डिपार्टमेंट ने छापेमारी कर भरे सैंपल. (Photo: ITG)

होली और रमजान जैसे बड़े त्योहारों के चलते कई जिलों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में हो रही छापेमारी में हजारों किलो मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं, जबकि बड़ी मात्रा में सामान मौके पर ही नष्ट कराया गया. प्रशासन का साफ कहना है कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.

बड़ी कार्रवाई यूपी के बाराबंकी में देखने को मिली. यहां खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब 100 किलो पनीर और 200 किलो रंगीन कचरी को जब्त कर नाले में बहा दिया. इसके अलावा करीब 50 हजार रुपये मूल्य का खाद्य पदार्थ नष्ट किया गया. सहायक खाद्य आयुक्त शैलेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा.

Food Department Major Crackdown on Adulterated Products in up alwar

आजमगढ़ में 3.35 लाख की मिठाइयां जब्त

वहीं आजमगढ़ में भी खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गोदाम पर छापा मारा. यहां से आगरा से लाए गए करीब 3.35 लाख रुपये मूल्य के मिलावटी खोया, काजू बर्फी, पनीर और अन्य मिठाइयों को जब्त किया गया.

यह भी पढ़ें: होली-रमजान से पहले मिलावटखोरों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक', 50 लाख के एक्सपायर खजूर जब्त, नकली खोया-सुपारी नष्ट

Advertisement

सभी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उन्हें नष्ट कराया गया. सहायक आयुक्त सुशील कुमार मिश्र ने लोगों से अपील की कि वे चमकीले और रंगीन खाद्य पदार्थों से बचें और पैक्ड सामान खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट जरूर जांचें.

Food Department Major Crackdown on Adulterated Products in up alwar

दिल्ली एनसीआर में सप्लाई होनी थी रंगीन कचरी

इसी तरह हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के शाहपुर में एक घर में छापा मारकर 13 क्विंटल रंगीन कचरी बरामद की. यह कचरी दिल्ली और एनसीआर में सप्लाई के लिए तैयार की जा रही थी. विभाग ने सभी सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और लोगों को चेतावनी दी है कि ऐसे सिंथेटिक खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हैं.

लखनऊ में दो हजार किलो खराब मिठाइयां नष्ट कराईं

राजधानी लखनऊ में भी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए 2 हजार किलो से अधिक खराब मिठाइयां, दूध और खोया मौके पर ही नष्ट कराया. यह कार्रवाई शहर के अलग-अलग इलाकों में की गई, जहां मिलावटखोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं.

Food Department Major Crackdown on Adulterated Products in up alwar

अयोध्या में भी टीम ने जांच के लिए भरे सैंपल

इसी तरह अयोध्या में भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. यहां एक होलसेल व्यापारी की दुकान पर छापेमारी कर लाखों रुपये के खाद्य पदार्थ सीज किए गए. टीम ने करीब 2.82 लाख रुपये कीमत के पाम ऑयल के 82 टिन और 61 हजार रुपये का रिफाइंड तेल जब्त किया. सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं.

Advertisement

सहारनपुर में टॉयलेट के पास रखा था दूध

वहीं सहारनपुर में छापेमारी के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां टॉयलेट के पास 2000 लीटर दूध रखा मिला. जंग लगे कंटेनरों में दूध भरा जा रहा था, जो साफ तौर पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है. विभाग ने सैंपल लेकर संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

Food Department Major Crackdown on Adulterated Products in up alwar

राजस्थान के अलवर में मिला नकली पनीर

इसके अलावा राजस्थान के अलवर में भी मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. यहां 180 किलो नकली और सिंथेटिक पनीर को नष्ट किया गया. अधिकारियों के मुताबिक, यह क्षेत्र नकली मावा और मिठाइयों की सप्लाई के लिए कुख्यात है, जहां से एनसीआर के कई शहरों में मिलावटी सामान भेजा जाता है.

Food Department Major Crackdown on Adulterated Products in up alwar

इन लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं और मुनाफा कमाने के लिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं. ऐसे में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे राज्य में अभियान तेज कर दिया है.

लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

खाद्य विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध या सस्ते खाद्य पदार्थ से बचें. खासतौर पर रंगीन मिठाइयों, सिंथेटिक पनीर और खुले दूध को खरीदते समय सतर्क रहें. पैक्ड सामान लेते समय उसकी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें. फिलहाल यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि जहां भी मिलावटखोरी की शिकायत मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement