उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का असर दिखने लगा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो फरवरी का आखिरी हफ्ता काफी गर्म रहने वाला है. राजस्थान में तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है तो दिल्ली-NCR में 32 से 34 डिग्री तक तापमान पहुंचने के आसार हैं.
अभी से ही मार्च के अंत जैसी गर्मी महसूस होने लगी है. उत्तर पश्चिम भारत के ज्यातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है. ऐसे में मौजूदा अधिकतम तापमान जो 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, उसमें सामान्य से बढ़ोतरी होने पर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. यानी फरवरी बेहद गर्म होने वाली है.
हालांकि पहाड़ी इलाकों के लिए फिलहाल एक अच्छी खबर है क्योंकि पश्चिम हिमालय क्षेत्र में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं जिसके चलते हल्की बर्फबारी ऊंचे इलाकों में देखने को मिल सकती है. पहाड़ों के निचले इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है.
यह भी पढ़ें: समय से पहले गर्मी की दस्तक! पंजाब-हरियाणा-दिल्ली में पारा हाई... होली के आसपास बदलेगा मौसम
कश्मीर में भी फरवरी के महीने में तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है. लेकिन 27 फरवरी और 2 मार्च से सक्रिय होने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ के चलते बर्फबारी का दौर एक बार लौट सकता है. हालांकि इसकी तीव्रता इस बार बेहद कमजोर है.
27 फरवरी से लेकर 5 मार्च तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में हल्की-फुल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
दिन-रात होगा गर्मी का असर
बात अगर उत्तर पश्चिम भारत और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की करें तो अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. जबकि हफ्ते के अंत तक इन इलाकों में तापमान 5 डिग्री तक बढ़ सकता है. सिर्फ दिन ही नहीं, गर्मी का असर रातों में भी देखने को मिल रहा है.
दिल्ली NCR में ज़्यादातर घरों में शाम को अब पंखा चलाने की नौबत आ गई है, मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी कह रहा है कि अगले 4 दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी भारत में रात के समय भी अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बदलाव हो सकता है.
दिल्ली-NCR में 24 तारीख से अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक पहुंच सकता है, जो कि सामान्य से 3 डिग्री अधिक है. उसके बाद हफ्ते का अंत आते-आते तापमान में सामान्य से 5 डिग्री से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके चलते फरवरी का आखिरी हफ्ता बेहद गर्म साबित हो सकता है जिसका अनुभव आमतौर पर मार्च के दूसरे हफ्ते के बाद ही महसूस होता है.