उत्तर पूर्वी दिल्ली के थाना नंदनगरी में सड़क हादसा हो गया. यहां बस डिपो के सामने प्राइवेट बस ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी है. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, और तीन लोग घायल हैं. घायलों को अस्पताल भेजा गया है. घटना कैसे हुई इसे लेकर पूछताछ की जा रही है.
यह हादसा बुधवार देर रात हुआ है. शुरुआत में जो जानकारी आई थी उसमें बताया गया था कि, इस हादसे में करीब 8 से 10 लोग बस के नीचे दब गए हैं. जिनमें 4 से 5 लोगो की हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे में एक व्यक्ति की मौत भी हो गई है. बाद में पुलिस की ओर से हादसे की पुष्टि की गई है.
रात 9:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9:30 बजे थाना नंद नगरी पुलिस को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि नंद नगरी बस डिपो के पास मुख्य सड़क पर, नंद नगरी फ्लाईओवर से नीचे उतर रही एक बस ने पहले एक टैक्सी को टक्कर मारी और इसके बाद तीन मोटरसाइकिल सवारों को अपनी चपेट में ले लिया.
घायलों का GTB अस्पताल में चल रहा है इलाज
हादसे में घायल सभी लोगों को तुरंत इलाज के लिए GTB Hospital पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने मोटरसाइकिल सवार विनीत (27 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया. वहीं, अन्य दो घायल रोहित और सूरज का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और जरूर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल नंद नगरी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य वजह से हुआ.
सड़क पर बिखरा कांच
इस मामले में डीसीपी नॉर्थ ईस्ट ने बताया कि हादसे में 2 से तीन लोग घायल हुए हैं. उन्होंने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है. हादसे के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं. जिसमें टक्कर की वजह से क्षतिग्रस्त बस और गाड़ियां दिख रही है. वहीं सड़क पर कांच भी बिखरा हुआ दिख रहा है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे के कारण इलाके में जाम लग गया, जिसके कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. हादसे को लेकर और भी जानकारी जुटाई जा रही है.