राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को इस महीने का पहला 'हीटवेव' (लू) वाला दिन दर्ज किया गया, जिसमें सूखी हवाओं और तेज धूप की वजह से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थितियों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, शहर के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री ज़्यादा और पिछले दिन की तुलना में 1.7 डिग्री ज्यादा था. पालम केंद्र पर भी तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री ज़्यादा था और पिछले 24 घंटों में इसमें 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई.

लोधी रोड केंद्र पर अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री ज़्यादा और पिछले दिन की तुलना में 1.4 डिग्री ज्यादा था. इसके साथ ही यहा आधिकारिक तौर पर हीटवेव की स्थिति दर्ज की गई. वहीं, रिज केंद्र पर शहर का सबसे ज्यादा तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा था और पिछले 24 घंटों में इसमें 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई.
मौसम विभाग ने 25 मई तक 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जिसमें शहर के कई हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति की चेतावनी दी गई है. बुधवार के लिए, IMD ने न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है, साथ ही 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया है.
नॉर्थ इंडिया सहित देश के कई इलाकों में हीटवेव
उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.

बांदा में टूटा रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश का बांदा जिला मंगलवार को 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ तप रहा था, वहीं इंदौर के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि भीषण गर्मी में कार के अंदर फंस जाने से दम घुटने के शक में एक चार साल की बच्ची की मौत हो गई.
पंजाब में बढ़ते तापमान ने फरीदकोट के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया, जहां दिन का तापमान 47.3 डिग्री तक पहुंच गया था. वहीं, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के ज्यादातर शहर भी भीषण लू की चपेट में थे, जहां अमरावती में तापमान 46.8 डिग्री तक दर्ज किया गया.
मध्य प्रदेश के इंदौर में, एक चार साल की बच्ची कई घंटों तक कार के अंदर फंसी रही और बाद में वह बेहोश मिली. डॉक्टरों ने अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि आशंका है कि उसकी मौत दम घुटने से हुई है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चलेगी.

यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, कई शहरों में तापमान 47 डिग्री के पार, हीटवेव का रेड अलर्ट
चित्तौड़गढ़ में तापमान 46 पार
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राजस्थान का सबसे गर्म स्थान बन गया. श्री गंगानगर का तापमान बढ़कर 45.9 डिग्री सेल्सियस हो गया. मौसम विभाग के मुताबिक, अलवर में 45.8 डिग्री, पिलानी में 45.3, फलोदी और चूरू में 44.8, कोटा में 44.4, बीकानेर में 43.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि जयपुर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में इसी तरह के मौसम और लू चलने का अनुमान लगाया है.
IMD की चेतावनी...
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिणी UP के कई स्थानों पर और राज्य के बाकी हिस्सों में कुछ जगहों पर लू से लेकर भीषण लू चलने की बहुत ज़्यादा संभावना है. विभाग ने पश्चिमी UP के कुछ अलग-अलग स्थानों पर रात के समय भी गर्मी बने रहने की चेतावनी भी दी है. अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने की IMD की चेतावनी के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है.
मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब और हरियाणा में चल रही लू और तेज़ हो गई है. फरीदकोट में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री और रोहतक में 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.