भारत सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो को फर्जी बताया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि भारत ने अमेरिका से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के मुखिया को सौंपने की मांग की है. प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने साफ शब्दों में कहा है कि यह वीडियो AI-जनरेटेड और पूरी तरह फर्जी है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विदेश मंत्री एस. जयशंकर को कथित तौर पर यह कहते हुए दिखाया गया था कि अमेरिका में कुछ 'नॉन-स्टेट एक्टर्स' भारत विरोधी गतिविधियां चला रहे हैं और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ उनके जरिए ऑपरेट हो रही है.
एआई से बने फर्जी वीडियो में यह भी दावा किया गया कि भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सीजेपी नेतृत्व को भारत को सौंपने की मांग की है.
पीआईबी फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि विदेश मंत्री ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया. एजेंसी ने यह भी बताया कि वायरल क्लिप एडिटेड और एआई से तैयार की गई है. इसके साथ ही, पीआईबी ने असली वीडियो भी शेयर किया, जिसमें जयशंकर भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ बातचीत पर बोलते नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'इंटरनेट ड्रामा है कॉकरोच जनता पार्टी', बोलने वाले शेंटी शर्मा कौन? पोस्ट पर मचा बवाल
दरअसल, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ हाल ही में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई है. इसे एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन मूवमेंट बताया जा रहा है, जो बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा में आया. इस ऑनलाइन कैंपेन को बड़ी तादाद में यूथ फॉलो कर रहे हैं.