पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों और असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं. बीजेपी ने असम की नगांव लोकसभा सीट के साथ पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं, तमिलनाडु की धारापुरम और मदुरंतकम सीटों पर तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की. पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के अशोक आनंद विजेता बने. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव में जीतने वाले उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है.
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है. नंदीग्राम सीट पर बीजेपी की हसी रानी रथ ने 1,22,753 वोटों के अंतर से जीत हासिल की. उन्हें कुल 1,64,427 वोट मिले. इस जीत के साथ हसी रानी रथ ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. साल 1967 में इस सीट के अस्तित्व में आने के बाद यह जीत का सबसे बड़ा अंतर है. इससे पहले 2016 में शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए CPI के अब्दुल कबीर शेख को 81,230 वोटों से हराया था.
बीजेपी ने मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट भी 75,816 वोटों के अंतर से जीत ली. बीजेपी उम्मीदवार शंखरव सरकार को कुल 1,29,914 वोट मिले. उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद को हराया, जिन्हें 54,098 वोट मिले. इस सीट पर बीजेपी को करीब 63.14 प्रतिशत वोट मिले, जबकि गुलाम नबी आजाद को 26.29 प्रतिशत वोट मिले. मुस्लिम बहुल इस सीट पर बीजेपी की जीत को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.
तमिलनाडु में टीवीके का जलवा
तमिलनाडु की धारापुरम विधानसभा सीट पर तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की उम्मीदवार सत्यबामा पी ने 9,471 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. वहीं, मदुरंतकम सीट पर भी TVK के के. मरागथम कुमारवेल ने जीत हासिल की है.
पुडुचेरी में एनडीए की जीत
पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर सत्ताधारी ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के उम्मीदवार अशोक आनंद ने जीत दर्ज की. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार ई. विनायगम को 8,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया. DMK उम्मीदवार के. सेतु तीसरे स्थान पर रहे. कुछ महीने पहले सत्ता संभालने के बाद यह AINRC के लिए लोकप्रियता की पहली परीक्षा थी.
पीएम ने जीत की दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र और पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम व रेजीनगर विधानसभा सीटों के नतीजे एक बार फिर दिखाते हैं कि जनता का BJP-NDA के सुशासन के एजेंडे से गहरा जुड़ाव है. उन्होंने X पर पोस्ट कर जनता का लगातार आशीर्वाद देने के लिए आभार जताया. साथ ही, जीतने वाले बीजेपी उम्मीदवारों को बधाई दी और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की.
पीएम मोदी ने पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर जीत के लिए NDA की सहयोगी पार्टी AINRC को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह जनादेश लोगों के कल्याण और उनकी उम्मीदों को पूरा करने के लिए काम करने की ताकत देगा. उन्होंने बेहतर और समृद्ध भविष्य के लिए लगातार काम करते रहने की बात कही.
विजय ने जताया आभार
दूसरी ओर, तमिलनाडु की दोनों सीटों पर जीत के बाद सीएम विजय ने भी मतदाताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह जीत प्यार, अपनापन, रिश्तों और लोकतंत्र की रक्षा के भरोसे मिली है. विजय ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने वोट खरीदने के लिए पैसा खर्च किए बिना चुनाव जीता है. उन्होंने वोट के बदले पैसे बांटने की अफवाह फैलाने वालों की आलोचना की और कहा कि जनता ने ऐसे बयानों का जवाब दिया है.
विजय ने दोनों सीटों पर प्रचार करने वाले गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ TVK के पदाधिकारियों का भी धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जनता के साथ खड़ी रहेगी और लोगों के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से काम करती रहेगी. विजय ने धारापुरम से सत्यबामा और मदुरंतकम से मरगाथम कुमारवेल को जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति या पार्टी की नहीं, बल्कि जनता और मतदाताओं की है.
शुभेंदु अधिकारी ने दी बधाई
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में हसी रानी रथ की जीत पर बधाई दी और जनता का आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की विकास की राजनीति पर जनता के भरोसे को दिखाती है.
उन्होंने पश्चिम बंगाल की नई बीजेपी सरकार के कामकाज को समर्थन देने के लिए जनता और जीत में योगदान देने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना की.