scorecardresearch
 

JNU यौन उत्पीड़न मामले पर सियासी घमासान, BJP दफ्तर से बसों में राष्ट्रपति भवन जाएंगी महिला सांसद

कांग्रेस सांसद पर लगे आरोपों को लेकर बीजेपी ने हमला तेज कर दिया है. पार्टी की महिला सांसद अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सामने यह मुद्दा उठाने जा रही हैं. इससे पहले बीजेपी महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी.

Advertisement
X
 JNU केस पर BJP की महिला सांसद राष्ट्रपति से मिलेंगी (Photo- PTI)
JNU केस पर BJP की महिला सांसद राष्ट्रपति से मिलेंगी (Photo- PTI)

नई दिल्ली में JNU से जुड़े यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है. बीजेपी की सभी महिला सांसद आज दोपहर 12:30 बजे पार्टी दफ्तर से बसों में सवार होकर राष्ट्रपति भवन जाएंगी. उनका मकसद कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े मामले को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सामने उठाना है. यह मामला जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्राओं की शिकायतों से जुड़ा है.

अकोइजम कांग्रेस के सांसद हैं और विश्वविद्यालय में प्रोफेसर भी रहे हैं. उनके खिलाफ लगे आरोपों के बाद मामला अब राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है. JNU ने 9 अक्टूबर को अकोइजम को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाने का आदेश जारी किया था. विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने शिकायतों की जांच के बाद कार्रवाई की सिफारिश की थी.

इसके बाद 11 अक्टूबर को विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने भी उनके खिलाफ FIR दर्ज की. फिलहाल अकोइजम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने मामले को लेकर चलाए जा रहे अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा था कि उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है. 

यह भी पढ़ें: JNU प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर FIR, BJP महिला मोर्चा भी करेगी प्रोटेस्ट

Advertisement

कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भी हुआ था प्रदर्शन

इससे पहले 12 अक्टूबर को बीजेपी महिला मोर्चा ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारियों ने अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा. इस दौरान बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया. प्रदर्शन के दौरान कुछ महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था.

बीजेपी इस मामले को महिला सुरक्षा से जोड़कर उठा रही है और कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल खड़े कर रही है. वहीं, अकोइजम इन सनसनीखेज आरोपों को खारिज कर चुके हैं. ऐसे में अब सभी की नजरें राष्ट्रपति भवन में होने वाली इस मुलाकात पर रहेंगी और यह देखना अहम होगा कि बीजेपी की महिला सांसद इस मुद्दे पर क्या मांग रखती हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement