scorecardresearch
 

'सरदार पटेल ने 1,218 दिनों में कर दिखाया वो काम, जिसे दुनिया असंभव मानती थी', एकता दिवस पर बोले अमित शाह

राष्ट्रीय एकता दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की. इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद दुनिया के कई राजनीतिक जानकारों को लगता था कि भारत एकजुट नहीं रह पाएगा, लेकिन सरदार पटेल ने महज 1,218 दिनों में देश को एक सूत्र में पिरो दिया.

Advertisement
X
राष्ट्रीय एकता दिवस पर गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी. (File Photo-PTI)
राष्ट्रीय एकता दिवस पर गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी. (File Photo-PTI)

राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि आजादी के समय दुनिया के राजनीतिक जानकारों को लगता था कि भारत ज्यादा समय तक एकजुट नहीं रह पाएगा. लेकिन सरदार पटेल ने सिर्फ 1,218 दिनों में वह कर दिखाया, जिसे दुनिया असंभव मानती थी. 

गृह मंत्री शाह ने कहा कि, इतने कम समय में सरदार पटेल ने देश को एकजुट किया. आज उनके सपनों का भारत पूरी दुनिया के सामने गर्व से खड़ा है.

दरअसल, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर दिल्ली में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की. तीनों नेताओं ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी.

'दुनिया को भारत के बिखरने का था डर'

अमित शाह ने कहा कि जब भारत आजाद हुआ, तब दुनिया के कई राजनीतिक जानकारों ने देश के टूटने की आशंका जताई थी. उन्हें लगता था कि इतने बड़े और अलग-अलग रियासतों वाले देश को एक साथ रखना आसान नहीं होगा. लेकिन सरदार पटेल ने इस सोच को गलत साबित कर दिया.

Advertisement

शाह ने कहा कि सरदार पटेल ने 1,218 दिनों में एकजुट भारत का निर्माण किया. यह ऐसा काम था, जिसे नेताओं का कोई समूह भी शायद पूरी जिंदगी में नहीं कर पाता. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की बनाई एकता आज भारत की पहचान है.

'कांग्रेस ने सरदार पटेल को वह सम्मान नहीं दिया जिसके वे हकदार थे' 

संबोधन के दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पर सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत को भुलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कई सालों तक देश में सरदार पटेल को उनके योगदान के मुताबिक सम्मान नहीं मिला. कांग्रेस ने हमेशा उनकी यादों को मिटाने की कोशिश की, लेकिन सूरज की चमक को छिपाया नहीं जा सकता. 

शाह ने कहा कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने सरदार पटेल की विरासत को देश के सामने मजबूती से रखने का काम किया. इसी के तहत 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' का निर्माण कराया गया. यह विशाल प्रतिमा आज आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचती दिखाई देती है.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सरदार पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सरदार पटेल का जीवन बताता है कि किसी राष्ट्र की असली ताकत उसकी एकता में होती है. एकता तभी मजबूत होती है, जब सभी के मन में राष्ट्र पहले का भाव हो.

Advertisement

योगी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित था. उनके विचार आज भी 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को पूरा करने की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने प्रदेश के लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की बधाई भी दी.

असम और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने भी किया याद

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सरदार पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने असम को भारत का हिस्सा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई थी. सरदार पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों को एक साथ लाने में भी बड़ी भूमिका निभाई.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें अखंड भारत का शिल्पकार बताया. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने साहस और मजबूत इच्छाशक्ति से सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोया. उन्होंने किसानों के अधिकारों और ग्रामीण स्वावलंबन के लिए किए गए उनके काम को भी याद किया.

CM फडणवीस और मोहन यादव ने दी भी श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरदार पटेल को देश की राष्ट्रीय एकता और अखंडता का शिल्पकार बताया. उन्होंने कहा कि भारत को एकजुट करने में उनकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी उन्हें नमन किया. उन्होंने कहा कि मातृभूमि के लिए समर्पित सरदार पटेल का जीवन देश के नवनिर्माण की प्रेरणा देता है.

Advertisement

पश्चिम बंगाल के बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी सरदार पटेल को उनकी 151वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि उनकी मजबूत इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व ने 560 से ज्यादा रियासतों को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने लोगों से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के संकल्प को दोहराने की अपील की.

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने भी सरदार पटेल को किया नमन

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर सरदार पटेल के कथन को करते हुए लिखा कि जब जनता एक हो जाती है, तब उसके सामने क्रूर से क्रूर शासन भी नहीं टिक सकता.

खड़गे ने कहा कि सरदार पटेल आधुनिक भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार थे. उन्होंने अपने साहस, दूरदर्शी नेतृत्व और देश के प्रति समर्पण से भारत को एक सूत्र में पिरोया और मजबूत देश की नींव रखी. उनके आदर्श आज भी देश को एकता, लोकतंत्र और राष्ट्रसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement