उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस मौके पर राजनीतिक दिग्गज समेत पार्टी कार्यकर्ता जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं. इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अखिलेश को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है. मुख्यमंत्री ने विपक्ष के शीर्ष नेता के प्रति शिष्टाचार दिखाते हुए भगवान से उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की विशेष कामना की है.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर सपा प्रमुख को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई. प्रभु श्री राम से आपके लिए आरोग्यता और दीर्घायु की प्रार्थना है.'
उत्तर प्रदेश की राजनीति में भले ही भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच हमेशा वैचारिक और राजनीतिक टकराव देखने को मिलता है, लेकिन जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत मौकों पर नेताओं का ये शिष्टाचार अमूमन देखने को मिलता है. सीएम योगी के इस बधाई संदेश के सामने आने के बाद दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच इसे लेकर काफी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
BSP प्रमुख ने भी दीं शुभकामनाएं
सीएम योगी के अलावा बसपा प्रमुख और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी अखिलेश को जन्मदिन की बधाई दी.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा, 'समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान में सपा सांसद अखिलेश यादव को आज उनके जन्मदिन पर उन्हें व उनके परिवार वालों को हार्दिक बधाई एवं उनके अच्छे जीवन व लंबी उम्र की शुभकामनाएं.'