Uttar Pradesh News: मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में इस समय अपने पतियों की हत्या करने वाली पांच आरोपी पत्नियां बैरक नंबर 12 ए और 12 बी में बंद हैं. इन महिलाओं ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर साजिश रची और अपने पतियों को मौत के घाट उतार दिया. किसी ने पति के शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट से पैक कर दिए, तो किसी ने सांप से कटवाकर मार डाला. किसी ने गला दबाकर हत्या की और साजिश छुपाने के लिए शव पर सांप रख दिया, तो किसी ने गोली मरवा दी. ये सभी आरोपी महिलाएं इस समय मेरठ जेल में बंद हैं और कानूनी प्रक्रियाओं का सामना कर रही हैं.
चर्चित नीले ड्रम वाली मुस्कान और उसकी बेटी
ब्रह्मपुरी क्षेत्र की मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर मार्च 2025 में पति सौरव राजपूत की हत्या कर शव को नीले ड्रम में सीमेंट से सील कर दिया था. लगभग 17 महीने से बैरक 12 बी में बंद मुस्कान से उसके परिजनों ने नाता तोड़ लिया है. नवंबर 2025 में उसने एक बेटी को जन्म दिया, जिसकी वह देखरेख करती है. मुस्कान धार्मिक कार्यों में हिस्सा लेती है और रामायण-सुंदरकांड सुनती है. नशे की आदत छूट चुकी मुस्कान को सरकारी वकील मिला है और अगस्त में उसके केस का फैसला आ सकता है.
सांप से कटवाकर पति की हत्या करने वाली दामिनी
किड्स प्ले स्कूल चलाने वाली दामिनी ने प्रेमी तुषार और साथियों संग मिलकर पति अतुल की हत्या की. उसने पति को पहले नींद की गोलियां दीं और फिर जहरीले सांप से डसवा दिया. 18 जुलाई 2026 को जेल पहुंची दामिनी शुरुआत में काफी उदास रही और उसने खाना भी नहीं खाया. वह अपने 6 साल के बेटे को याद करके रोती है. पढ़ी-लिखी होने के कारण उसने लाइब्रेरी में काम करने की इच्छा जताई, जिसके बाद उसे जेल की लाइब्रेरी में काम पर लगाया गया है.
सांप का झूठा नाटक रचने वाली रविता की कहानी
अकबरपुर सादात की रविता ने अप्रैल 2025 में प्रेमी अमरदीप के साथ पति अमित की गला दबाकर हत्या की थी. मामला छिपाने के लिए उसने शव पर घोड़ापछाड़ सांप छोड़कर डसने का शोर मचाया. हालांकि पोस्टमार्टम में गला घोंटने की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. रविता जेल में खाना बनाने, सफाई करने और घास छीलने का काम करती है. वह बाहर आने की उम्मीद में है और जब भी कोई परिजन मिलने आता है, तो अपने किए पर पछतावा जताती है.
बीएसएफ जवान की हत्या आरोपी कोमल
धनपुर गांव की कोमल ने मार्च 2026 में अपने प्रेमी गुलशन के साथ मिलकर बीएसएफ जवान पति नैन सिंह की गोली मारकर हत्या करा दी थी. अप्रैल 2026 में बैरक 12 बी पहुंची कोमल अब जेल में खाना बनाने, सिलाई और बुनाई का काम करती है. काउंसलिंग सेशन में उसने कई बार स्वीकार किया कि उसे अपने किए पर बहुत दुख है. काम खत्म होने के बाद वह अक्सर गुमसुम बैठी रहती है. कभी-कभी उसके परिजन उससे जेल में मिलने आते हैं.
अंजलि का धार्मिक जीवन और पश्चाताप
अगवानपुर की अंजलि ने अपने प्रेमी अजय के साथ मिलकर अपने पति राहुल की गोली लगवाकर हत्या करवा दी थी. नवंबर 2025 से बैरक 12 बी में बंद अंजलि तीन बच्चों की मां है. वह जेल में सफाई, झाड़ू-पोछा और कपड़े सिलने का काम करती है. वह भी धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है, खाली समय में रामायण सुनती है और पढ़ना सीख रही है. परिवार वाले कभी-कभी उससे मिलने जेल आते हैं और उसका केस भी अदालत में ट्रायल पर चल रहा है.
जेल के नियम और मुलाकात की पाबंदी
जेल प्रशासन के नियमों के अनुसार केवल वही लोग आपस में मिल सकते हैं जिनका आपस में खून का रिश्ता हो या जो कानूनी रूप से पति-पत्नी हों. इसी कारण दामिनी-तुषार और मुस्कान-साहिल की आपस में जेल के भीतर मुलाकात नहीं हो पाती है. मुस्कान और साहिल की बात सिर्फ पेशी के वक्त या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान ही हो पाती है. सभी पांचों आरोपी महिलाएं अपनी-अपनी बैरकों में सजा काटने के साथ अदालत के फैसलों का इंतजार कर रही हैं.