scorecardresearch
 

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच एअर इंडिया का बड़ा फैसला, सऊदी अरब जाने वाली सभी उड़ानें 14 नवंबर तक रद्द

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और सऊदी अरब के हवाई अड्डों समेत बुनियादी ढांचे पर हमलों के कारण एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा, रियाद और दम्माम की उड़ानें 14 नवंबर तक रद्द कर दी हैं. पहले यह रोक रियाद और दम्माम के लिए 7 नवंबर और जेद्दा के लिए 31 अक्टूबर तक थी.

Advertisement
X
Air India और Air India Express ने प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए रीबुकिंग और रिफंड की सुविधा दी है (File Photo: ITG)
Air India और Air India Express ने प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए रीबुकिंग और रिफंड की सुविधा दी है (File Photo: ITG)

एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने शुक्रवार को ऐलान किया कि सऊदी अरब के शहरों से जुड़ी उनकी उड़ानें अब 14 नवंबर तक रद्द रहेंगी. इससे पहले इन एयरलाइंस ने रियाद और दम्माम की उड़ानें 7 नवंबर तक और जेद्दा की उड़ानें 31 अक्टूबर तक रद्द की थीं. इंडिगो और आकासा एयर ने भी सऊदी अरब जाने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर रखी हैं. प्रभावित यात्रियों को एक बार मुफ्त री-बुकिंग या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है.

यह फैसला क्यों लिया गया, इसकी वजह पश्चिम एशिया के हालात हैं. हाल के दिनों में वहां भू-राजनीतिक तनाव काफी बढ़ गया है. सऊदी अरब में हवाई अड्डों समेत कई बुनियादी सुविधाओं पर हमले हुए हैं. ऐसे माहौल में विमान और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उड़ानें बंद रखी गई हैं. 

एअर इंडिया ने एक्स पर की गई पोस्ट में बताया कि क्षेत्र के मौजूदा हालात के कारण जेद्दा, रियाद और दम्माम आने और जाने वाली एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 14 नवंबर तक बंद रहेंगी. इसमें 14 नवंबर का दिन भी शामिल है.

यह भी पढ़ें: यमन में सऊदी अरब के हवाई हमले में 13 की मौत, 10 लाख की आबादी वाले शहर में भुखमरी का संकट

यात्रियों के लिए एयरलाइंस ने कुछ राहत भी दी है. जिन लोगों की कन्फर्म बुकिंग 30 अक्टूबर या उससे पहले जारी हुई है और जिन्हें 14 नवंबर तक सफर करना था, वे एक बार मुफ्त में री-बुकिंग करा सकते हैं. यह सुविधा सीट उपलब्ध होने पर ही मिलेगी और नई यात्रा 29 नवंबर तक की तारीखों के लिए कराई जा सकेगी. जो यात्री अपना टिकट रद्द करना चाहें, उन्हें पूरा रिफंड मिलेगा.

Advertisement

री-बुकिंग के नियम दोनों एयरलाइंस के लिए थोड़े अलग हैं. एयर इंडिया के यात्री सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी चालू स्टेशन के लिए या वहां से री-बुकिंग करा सकते हैं. वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री सऊदी अरब या बहरीन में एयर इंडिया एक्सप्रेस के किसी भी चालू स्टेशन के लिए या वहां से री-बुकिंग करा सकते हैं.

बाकी एयरलाइंस की बात करें तो इंडिगो ने जेद्दा, दम्माम और मदीना आने और जाने वाली उड़ानें 14 नवंबर तक रद्द की हैं. आकासा एयर ने रियाद से जुड़ी सेवाएं 30 नवंबर तक और जेद्दा की सेवाएं 10 नवंबर तक बंद रखी हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement