उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से फाटा जा रहा एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ. वहीं, भारत में सितंबर के दौरान प्याज और तेल समेत खाने की चीजों के दाम में तेज बढ़ोतरी हुई. इन खबरों के अलावा, न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में टीम इंडिया को 87 रनों से हरा दिया. पढ़ें शुक्रवार शाम की बड़ी खबरें
जोशीमठ हेलिकॉप्टर क्रैश में 6 की मौत, बदरीनाथ से फाटा जाते वक्त हुआ था हादसा
उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से फाटा जा रहा एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. चमोली पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई है. यह हादसा जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में हुआ. हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का बताया जा रहा है.
प्याज के दाम डबल, चीनी और तेल भी महंगे... अचानक क्यों बढ़े ये दाम?
भारत में सितंबर के दौरान खाने की चीजों के दाम में तेज बढ़ोतरी हुई है. खासकर प्याज, चीनी, खाने के तेल और चावल की कीमतों में ज्यादा उछाल देखा गया है. इन चीजों के दाम बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में ज्यादा प्रभाव दिख रहा है. सितंबर 2026 में CPI पर आधारित रिटेल महंगाई दर बढ़कर 5.54% हो गई, जो पिछले महीने से 71 बेसिस पॉइंट्स ज़्यादा है.
U19 Asia Cup 2026: भारतीय टीम का ऐलान, वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे भी स्क्वॉड में
एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान शुक्रवार को कर दिया गया. ओमान में 5 से 14 नवंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए BCCI की जूनियर क्रिकेट समिति ने 15 खिलाड़ियों का चयन किया है. लक्ष्य रायचंदानी को टीम की कमान सौंपी गई है. सहवाग के बेटे आर्यवीर और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय भी भारतीय दल का हिस्सा होंगे.
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए AAP कल जारी करेगी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, बोले CM भगवंत मान
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि शुक्रवार को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी की एक बैठक हुई. इस दौरान कई नामों पर चर्चा हुई और कुछ नाम तय कर लिए गए हैं. उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 11:00 बजे PAC की एक और बैठक होनी है. बैठक के बाद AAP शनिवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी.
मद्रास हाई कोर्ट ने CJP के नेशनल को-कन्वीनर सौरव दास उर्फ योगेश शर्मा के खिलाफ दायर जनहित याचिका पर केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है. हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार, रीजनल पासपोर्ट ऑफिसर और 10 अन्य को छह हफ्ते में जवाब देने को कहा है. याचिका में दास की पृष्ठभूमि की जांच, उनका पासपोर्ट और आधार रद्द करने की मांग की गई है.
मिंटो रोड से शुरू होगा INDIA ब्लॉक का 1 नवंबर का 'चलो दिल्ली' मार्च, CEC के खिलाफ विपक्ष लामबंद
इंडिया ब्लॉक का 1 नवंबर को होने वाला मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होगा और रामलीला मैदान पहुंचेगा. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी' सत्र के दौरान यह जानकारी दी. विपक्षी गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है.
न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में टीम इंडिया को 87 रनों से हरा दिया. ऑकलैंड के ईडन पार्क में आयोजित इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को जीत के लिए 260 रनों का बड़ा लक्ष्य दिया था, इसके जवाब में भारतीय टीम 20 ओवरों में 9 विकेट पर 172 रन ही बना सकी. भारतीय टीम पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी थी.
पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं करीब दोगुनी... एक दिन में 194 मामले बढ़े, कुल आंकड़ा 1007 पहुंचा
पंजाब में पराली जलाने के मामले एक हफ्ते में लगभग दोगुने हो गए हैं. 29 अक्टूबर को एक ही दिन में 194 नए मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में कुल मामले बढ़कर 1,007 हो गए. इनमें से 672 मामले सिर्फ तीन जिलों तरनतारन, अमृतसर और फिरोजपुर से हैं. 15 सितंबर से 23 अक्टूबर के बीच पंजाब में पराली जलाने की 542 घटनाएं दर्ज हुई थीं.
अर्शदीप सिंह ने रच दिया इतिहास, मेन्स T20I में ऐसा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज
अर्शदीप सिंह मेन्स टी20 इंटरनेशनल में 150 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए. ऑकलैंड के ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर को आउट कर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की. अर्शदीप सिंह ने महज 1577 दिनों में 150 विकेट का आंकड़ा छू लिया. इस तरह वह सबसे कम दिनों में इस मुकाम तक पहुंचने वाले गेंदबाज भी बन गए.
Gold- Silver Crash: ₹7000 टूटा भाव...अचानक बिखर गई चांदी, 10 महीने में ₹2.40 लाख हुई सस्ती
सोने और चांदी के भाव में भारी गिरावट आई है. शुक्रवार को MCX पर शाम 5.08 बजे दिसंबर फ्यूचर वाली चांदी की कीमत 7,000 रुपये या 3.67 फीसदी टूटकर 1,82,500 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी. वहीं सोने की कीमत 1.16 फीसदी या 1657 रुपये गिरकर 1,40,900 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर थी. सोने-चांदी का भाव इंटरनेशनल मार्केट में भी गिरा है.