दिल्ली में भीषण गर्मी और उमस के बाद आखिरकार मॉनसून ने दस्तक दे दी है, जिससे राजधानी के लोगों को बड़ी राहत मिली है. भारतीय मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज (3 जुलाई) देश के कई हिस्सों में मॉनसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी. वहीं, जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई और बांद्रा में बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में वांटेड आरोपी अनमोल बिश्नोई MCOCA की स्पेशल कोर्ट में औपचारिक रूप से सरेंडर करने की इजाजत मांगी है. पढ़ें शुक्रवार की बड़ी खबरें.
Monsoon Rain: मॉनसूनी राहत! दिल्ली-UP समेत आज कई राज्यों में होगी झमाझम बारिश
दिल्ली में आखिरकार मॉनसून ने दस्तक दे दी है, जिससे राजधानी के लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है. हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. दिल्ली में शुक्रवार को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. वहीं, UP, पंजाब, हरियाणा, बिहार के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश की संभावना है.
'मुझे सरेंडर करने की इजाजत मिले...', लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल ने कोर्ट में लगाई गुहार
जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई और बांद्रा में बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में वांटेड आरोपी अनमोल बिश्नोई MCOCA की स्पेशल कोर्ट में औपचारिक रूप से सरेंडर करने की इजाजत मांगी है. अनमोल बिश्नोई अभी नई दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है. उसे नवंबर 2025 में अमेरिका से भारत लाया गया था.
रेसलर्स यौन उत्पीड़न केस में सुनवाई पूरी, बृजभूषण शरण सिंह पर 3 अगस्त को कोर्ट सुनाएगा फैसला
महिला रेसलर्स के यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ सुनवाई पूरी कर ली है. कोर्ट ने अब इस केस में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है, जो 3 अगस्त को सुनाया जाएगा. अदालत ने दोनों पक्षों को अपनी-अपनी बातें लिखित में देने के लिए दो हफ्ते का समय दिया है.
पाकिस्तान पर भारत-जापान की डबल अटैक डिप्लोमेसी, आतंकवाद पर लगाम लगाए PAK
भारत और जापान ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है. नई दिल्ली में हुई भारत-जापान वार्षिक शिखर बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में PM मोदी जापान की PM सना तकाइची ने आतंकवाद के हर रूप की कड़ी निंदा की. दोनों नेताओं ने खास तौर पर पाकिस्तान से होने वाले सीमा पार आतंकवाद को वैश्विक शांति के लिए बड़ा खतरा बताया.
ऐतिहासिक FTA के बाद अगले हफ्ते इस देश के दौरे पर जाएंगे PM मोदी
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के बाद PM नरेंद्र मोदी 10 जुलाई को पहली बार न्यूज़ीलैंड के दौरे पर जाएंगे. यह पिछले 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक यात्रा होगी. न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने पीएम मोदी के इस दौरे को दोनों देशों के संबंधों के लिए "ऐतिहासिक" बताया है.
देश में पहली बार, महाराष्ट्र में महिला किसानों के लिए ऐतिहासिक बिल पास
महाराष्ट्र सरकार ने महिला किसान सशक्तिकरण बिल को सर्वसम्मति से मंज़ूरी दे दी है. इस फैसले के बाद खेती का काम करने के अलावा पशुपालन, डेयरी, मुर्गी पालन, मछली पालन या मधुमक्खी पालन से जुड़ी महिलाओं को आधिकारिक तौर पर किसान का दर्जा मिलेगा. सरकार इन सभी महिलाओं को 'महिला किसान पहचान पत्र' देगी. इससे उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा.
FIFA वर्ल्ड कप में शुक्रवार को एक रोमांचक मुकाबले में पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है. इस मैच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पेनल्टी पर बराबरी दिलाई, जबकि स्टॉपेज टाइम में गोंकालो रामोस ने विजयी गोल दागा. अंतिम क्षणों में क्रोएशिया का गोल VAR ने ऑफसाइड करार देकर रद्द कर दिया, जिस पर काफी विवाद हुआ.
अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार को कश्मीर घाटी पहुंच गया. इस जत्थे में 4,800 से ज्यादा श्रद्धालु शामिल थे. अब ये श्रद्धालु शुक्रवार सुबह से बालटाल और पहलगाम बेस कैंप से पवित्र गुफा की तरफ अपनी आगे की यात्रा शुरू कर चुके हैं. 57 दिन तक चलने वाली यह यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को खत्म होगी.