दिल्ली IPL मैच में लुंगी एनगिडी चोटिल हुए. ईरान ने अमेरिका से इनकार कर पाकिस्तान के जरिए बातचीत शुरू की और फ्लाइट्स बहाल कीं. AAP में टूट, राघव चड्ढा का केजरीवाल पर हमला, पंजाब में सियासत गरमाई. बंगाल में ममता-शाह विवाद, मणिपुर में हिंसा हुई. हॉकी लीजेंड का निधन, झारखंड बैंक डकैती और दिल्ली में हीटवेव अलर्ट जारी. पढ़ें शनिवार शाम की बड़ी खबरें.
1. IPL मैच में हादसा, बुरी तरह चोटिल हुए लुंगी एनगिडी, एंबुलेंस से ले जाया गया अस्पताल
नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार 25 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दौरान एक डरावना हादसा सामने आया. दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को गंभीर चोट लगने के बाद एंबुलेंस से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा. यह घटना पंजाब किंग्स की पारी की शुरुआत में हुई, जब एक कैच लेने का प्रयास अचानक भयावह दृश्य में बदल गया. कैच पकड़ने की कोशिश में लुंगी एनगिडी बुरी तरह गिर पड़े और चोट इतनी गंभीर थी कि वह मैदान पर ही पड़े रह गए.
2. ईरान का अमेरिका को 'NO', PAK को 'YES'... क्या शर्तों वाली मुलाकात से वेस्ट एशिया में थमेगा कोहराम?
ईरान ने अमेरिका से सीधे बातचीत से इनकार कर दिया है और अब पाकिस्तान के जरिए बातचीत की रणनीति अपनाई है. इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच शर्तों पर आधारित वार्ता की कोशिश हो रही है. अगले 24 घंटे इस संकट के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं.
3. 'भ्रष्ट हाथों में है AAP की कमान, निराश होकर छोड़ी पार्टी', राघव चड्ढा का केजरीवाल पर सीधा प्रहार
आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने से राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है. राघव चड्ढा ने कहा कि पार्टी भ्रष्ट हाथों में चली गई है, इसलिए उन्होंने निराश होकर इस्तीफा दिया. वहीं स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें असली गद्दार बताया. दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने इन नेताओं को दलबदलू करार देते हुए उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग उठाई है. मामला अब राजनीतिक, वैचारिक और कानूनी संघर्ष बन चुका है.
4. ‘उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे’, शाह के बयान पर भड़कीं ममता, बोलीं- होम मिनिस्टर ऐसा कैसे कह सकते हैं?
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अमित शाह के बयान पर कड़ा विरोध जताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही. उन्होंने चुनाव आयोग पर भी शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया.
5. मणिपुर: CM आवास जा रहे प्रदर्शनकारियों का हंगामा, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
मणिपुर की राजधानी इम्फाल में शनिवार को आयोजित COCOMI की एक बड़ी रैली अचानक तनावपूर्ण हो गई. यह रैली मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करने के लिए निकाली गई थी, लेकिन रास्ते में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव हो गया. जिसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों का तितर-बितर किया.
6. राष्ट्रपति से मिलने के लिए CM मान ने मांगा समय, BJP में शामिल सांसदों की 'वापसी' पर करेंगे चर्चा
पंजाब में आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने से सियासी संकट गहरा गया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने का समय मांगा है और सांसदों को वापस बुलाने की मांग उठाई है. मान ने भाजपा पर दलबदल कराकर पार्टी तोड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इन नेताओं का कोई जनाधार नहीं है. हालांकि, विधानसभा में 94 विधायकों के साथ आम आदमी पार्टी की सरकार फिलहाल मजबूत स्थिति में बनी हुई है.
7. ईरान ने दो महीने की जंग के बाद बहाल की कमर्शियल फ्लाइट्स, तेहरान से इन देशों के लिए उड़ानें शुरू
ईरान ने करीब दो महीने बाद तेहरान के इमाम खुमैनी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं. अमेरिका-इजरायल के साथ संघर्ष के बीच यह बड़ा कदम माना जा रहा है. सीजफायर के बाद एयरस्पेस आंशिक रूप से खुला था, अब उड़ानों की बहाली से हालात सामान्य होने के संकेत मिल रहे हैं.
8. ओलंपिक मेडलिस्ट भारतीय हॉकी लीजेंड का निधन, खेल जगत में शोक की लहर
भारतीय हॉकी के दिग्गज और 1968 ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट गुरबख्श सिंह ग्रेवाल का 84 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया. जीरकपुर में उन्होंने अंतिम सांस ली. उन्होंने भाई बलवीर सिंह ग्रेवाल के साथ ओलंपिक खेला था और बाद में हॉकी प्रशासन में भी अहम योगदान दिया.
9. झारखंड की बैंक में बड़ी डकैती: 10 मिनट में 7 करोड़ का सोना और 5 लाख कैश ले गए हथियारबंद नकाबपोश
झारखंड के हजारीबाग में दिनदहाड़े बैंक में डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है. यहां बरही इलाके में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में चार नकाबपोश बदमाश घुसे और हथियारों के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया. इस दौरान करीब 7 करोड़ रुपये का सोना और 5 लाख रुपये कैश लूटकर फरार हो गए. पूरी वारदात को 10 मिनट में अंजाम दिया गया. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
10. दिल्ली में प्रचंड गर्मी! रेखा गुप्ता सरकार ने स्कूलों से मांगी सेफ्टी रिपोर्ट, डेडलाइन भी दी
दिल्ली में बढ़ती गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्कूलों को हीटवेव से बचाव के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं. स्कूलों को सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने, वॉटर बेल सिस्टम लागू करने और जागरूकता कक्षाएं आयोजित करने के लिए कहा गया है.