पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस मामले के नए पहलू सामने आ रहे हैं. अब इस केस में पुलिस की जांच जितनी चर्चा में है, उतनी ही चर्चा दोनों परिवारों की मांओं के बयानों की भी हो रही है. एक तरफ केतन अग्रवाल की मां राखी अग्रवाल हैं, जो दावा करती हैं कि उनके परिवार से कई अहम बातें छिपाई गईं. दूसरी तरफ सिया गोयल की मां पूजा गोयल हैं, जिनका कहना है कि सिया तो ट्रैकिंग पर जाना ही नहीं चाहती थी वो तो केतन उसे ले गया. इसके अलावा सिया के शराब पीने या ना पीने पर भी दोनों मां अपना-अपना तर्क दे रहीं हैं.
केतन की मां राखी अग्रवाल का दर्द उनके हर शब्द में झलकता है. उनका कहना है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस लड़की को उन्होंने अपने घर की बहू मान लिया था, उसी का नाम उनके बेटे की मौत के मामले में सामने आएगा. राखी अग्रवाल बताती हैं कि सिया कई बार उनके घर आई. होली पर परिवार के साथ रही, पूजा में शामिल हुई और पूरे परिवार के साथ सहजता से घुल-मिल गई. उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि सिया के मन में शादी को लेकर कोई असहमति या दुविधा है. उनका आरोप है कि अगर सिया ने या उसके परिवार ने समय रहते सच बता दिया होता, या किसी तरह का संकेत दे दिया होता, तो शायद यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ता और उनका बेटा आज जिंदा होता.
हमें लगा था सब कुछ ठीक चल रहा है
राखी अग्रवाल के अनुसार, केतन अपने परिवार से हर बात साझा करता था. शादी की तैयारियां पूरे उत्साह से चल रही थीं. परिवार आने वाले नवंबर का इंतजार कर रहा था, जब दोनों की शादी होनी थी. उनका कहना है कि आज पीछे मुड़कर देखने पर कई बातें सवाल खड़े करती हैं. उनका आरोप है कि गोयल परिवार ने कुछ अहम जानकारियां उनसे साझा नहीं कीं. यही वजह है कि अब उन्हें लगता है कि उनके परिवार के भरोसे को ठेस पहुंची.
पार्टी में शराब पीने का भी आरोप
राखी अग्रवाल ने कई और सवाल भी खड़े किए हैं. उनका कहना है कि सिया पार्टियों में शराब भी पीती है. राखी का दावा है कि उन्होंने साफ मना कर दिया था कि मेरे यहां ये सब नहीं चल सकता. पार्टी में जाना है तो जाओ लेकिन शराब नहीं चलेगा. उधर सिया की मां पूजा ने उनके इन सभी आरोपों पर खुलकर जवाब दिया. पूजा ने साफ तौर पर इनकार किया है कि सिया कभी शराब नहीं पी. पूजा ने सवाल खड़ा किया अगर ऐसा था तो केतन के परिवार वालों ने पहले क्यों नहीं बताया, ये सब घटना के बाद क्यों बताया जा रहा है.
मेरी बेटी ने कभी नहीं कहा कि शादी नहीं करनी
सिया की मां पूजा गोयल सभी आरोपों से पूरी तरह असहमत हैं. उनका कहना है कि रिश्ता तय होने से पहले और उसके बाद भी परिवार ने कई बार सिया से पूछा कि क्या वह केतन से शादी करना चाहती है. हर बार उसने यही कहा कि उसे यह रिश्ता मंजूर है. पूजा गोयल का दावा है कि अगर उनकी बेटी शादी नहीं करना चाहती, तो वह परिवार को जरूर बताती. उनके अनुसार, ऐसा कभी नहीं हुआ कि सिया ने किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध या शादी से इनकार की बात घर में रखी हो.
अगर कोई परेशानी थी तो हमें बताया क्यों नहीं?
पूजा गोयल का एक बड़ा सवाल भी है. उनका कहना है कि अगर केतन को सचमुच किसी बात की चिंता थी, या उसे लगता था कि सिया का व्यवहार बदल रहा है, तो यह बात दोनों परिवारों के बीच खुलकर होनी चाहिए थी. उनके मुताबिक, चार महीने तक दोनों परिवार लगातार मिलते रहे. वीडियो कॉल होती थीं, पारिवारिक कार्यक्रम होते रहे और कहीं से भी ऐसा संकेत नहीं मिला कि रिश्ता किसी संकट से गुजर रहा है. पूजा गोयल ने बातचीत में यह भी दावा किया कि लोहगढ़ ट्रैकिंग को लेकर सिया और केतन के बीच हुई व्हाट्सएप चैट मोबाइल में मौजूद है. उनके अनुसार, सिया ट्रैकिंग पर जाने के पक्ष में नहीं थी और उसने इस बारे में अपनी होने वाली सास से भी बात की थी. केतन की मां का कहना है कि उनके परिवार को कई बातें बताई ही नहीं गईं. वहीं सिया की मां कहती हैं कि उन्हें खुद भी किसी कथित प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी.
तमाम आरोप-प्रत्यारोप के बावजूद दोनों माताओं की एक बात समान है. राखी अग्रवाल चाहती हैं कि उनके बेटे को न्याय मिले और दोषियों को कड़ी सजा मिले. वहीं पूजा गोयल ने भी कहा कि अगर अदालत और जांच में उनकी बेटी दोषी साबित होती है, तो उसे भी कानून के मुताबिक सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कानून के सामने कोई रिश्ता बड़ा नहीं होता. सिया की मां का कहना है कि अगर बेटी दोषी हो तो उसे भी वहीं से धक्का दे दिया जाए.
जांच में क्या-क्या देखा जा रहा है
पुलिस पहले ही इस मामले में कई डिजिटल साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच एजेंसियां यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि घटनाओं का वास्तविक क्रम क्या था और किसे क्या जानकारी थी. इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई और आरोपों की पुष्टि होगी.