scorecardresearch
 

सिया की वो WhatsApp चैट... ट्रैकिंग पर जाने की जिद केतन की थी या चेतन का प्लान

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पहली बार सिया गोयल की मां पूजा गोयल ने व्हाट्सएप चैट का जिक्र करते हुए दावा किया कि लोहगढ़ ट्रैकिंग पर जाने की जिद सिया ने नहीं, बल्कि केतन ने की थी. उन्होंने कहा कि सिया ने ट्रैकिंग से मना किया था और इसका चैट भी मोबाइल में मौजूद है. पूजा ने बताया कि सिया ने वहां जाने के लिए अपनी होने वाली सास से भी मना किया था. 

Advertisement
X
सिया की मां ने बताया ट्रैकिंग पर जाने का प्लान चेतन का था (Photo: ITG)
सिया की मां ने बताया ट्रैकिंग पर जाने का प्लान चेतन का था (Photo: ITG)

लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग सिया की जिद थी या चेतन की. ऐसा तो नहीं यह केतन का बनाया हुआ प्लान था ? पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के बीच अब एक नया दावा सामने आया है. इस बार यह दावा किसी पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी का नहीं, बल्कि मुख्य आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल का है. उनका कहना है कि जिस लोहगढ़ ट्रैकिंग को लेकर अब पूरी कहानी खड़ी की जा रही है, वहां जाने के लिए सिया नहीं, बल्कि केतन लगातार कह रहे थे. इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि इस बात के WhatsApp चैट आज भी सिया के मोबाइल में मौजूद हैं.

उधर पुलिस का दावा है कि 18 जून को लोहगढ़ किले पर हुई घटना एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी. वहीं दूसरी ओर सिया के माता-पिता का कहना है कि उन्हें अपनी बेटी और चेतन चौधरी के कथित प्रेम संबंधों की कोई जानकारी नहीं थी और न ही कभी यह महसूस हुआ कि सिया शादी से खुश नहीं थी. 

 मां ने खोला WhatsApp चैट का जिक्र

पूजा गोयल ने बातचीत में सबसे अहम दावा ट्रैकिंग को लेकर किया. उन्होंने कहा कि जब 18 जून को लोहगढ़ जाने की बात हुई तो सिया खुद वहां जाने के पक्ष में नहीं थी. उसने वीडियो कॉल पर अपनी होने वाली सास से भी कहा था कि उसे ट्रैकिंग पर नहीं जाना है. पूजा गोयल के मुताबिक, सिया ने उनसे कहा था कि वह केतन को मना कर चुकी है. उसने अपनी होने वाली सास से भी कहा कि आप ही केतन को समझाइए कि ट्रैकिंग का कार्यक्रम टाल दें, क्योंकि अगले दिन महाबलेश्वर जाना था और थकान हो जाएगी. लेकिन परिवार की ओर से जवाब मिला कि यदि केतन कह रहे हैं तो चले जाओ.  यहीं पर पूजा गोयल ने एक और बड़ा दावा किया. उनका कहना है कि इस पूरी बातचीत के WhatsApp चैट मोबाइल में मौजूद हैं. 

Advertisement

पुलिस का दावा इससे अलग

हालांकि, पुलिस की जांच अब तक एक अलग तस्वीर पेश कर रही है. जांच अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर उन्हें यह संदेह है कि लोहगढ़ की यात्रा पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा थी. पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि घटना से एक दिन पहले सिया गोयल और चेतन चौधरी पुणे के लुल्लानगर स्थित एक कैफे में मिले थे. वहीं कथित तौर पर पूरी योजना पर चर्चा हुई. पुलिस का आरोप है कि दोनों ने पहले से तय योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया. इस मामले में दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और जांच जारी है.

हमें सिर्फ दोस्ती की जानकारी थी

पूजा गोयल ने यह भी स्वीकार किया कि चेतन चौधरी और सिया एक-दूसरे को जानते थे. उनके अनुसार दोनों की पहचान एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी और उन्हें केवल इतनी जानकारी थी कि दोनों दोस्त हैं. हालांकि उन्होंने साफ कहा कि उन्हें कभी यह नहीं लगा कि दोनों के बीच प्रेम संबंध हैं. उनका कहना है कि यदि उन्हें जरा भी आभास होता कि मामला सिर्फ दोस्ती तक सीमित नहीं है तो वह कभी शादी की तैयारियां आगे नहीं बढ़ातीं. उनका दावा है कि सगाई के बाद भी घर में कभी ऐसा माहौल नहीं बना जिससे लगे कि सिया इस रिश्ते से खुश नहीं है.

Advertisement

केतन हमारे बेटे जैसे थे

सिया के पिता प्रवीण गोयल बातचीत के दौरान कई बार भावुक दिखाई दिए. उन्होंने कहा कि केतन उनके घर कई बार आए. परिवार के साथ खाना खाया. वह उन्हें "पापा जी" कहकर बुलाते थे और धीरे-धीरे बेटे जैसे हो गए थे. प्रवीण गोयल का कहना है कि यदि केतन को कभी यह संदेह था कि सिया का फोन लगातार व्यस्त रहता है या वह किसी और से बात करती है, तो इस बारे में उन्हें सीधे बताया जाना चाहिए था. उनका कहना है कि यदि परिवारों के बीच यह बातचीत पहले हो जाती तो शायद हालात अलग होते.

एक बार भी नहीं कहा कि शादी नहीं करनी

पूजा गोयल का दावा है कि शादी तय होने के बाद उन्होंने कई बार सिया से पूछा कि क्या वह केतन से शादी करना चाहती है. हर बार जवाब एक ही मिला मुझे केतन पसंद हैं और मैं शादी करना चाहती हूं. उनका कहना है कि यदि सिया शादी के खिलाफ होती तो परिवार बाली प्री-वेडिंग ट्रिप की तैयारी क्यों करता? उन्होंने बताया कि बेटी की शॉपिंग पर लगभग 50 हजार रुपये खर्च किए गए थे. जन्मदिन की ड्रेस खरीदी गई थी. शादी और जन्मदिन से जुड़े कई कार्यक्रम तय थे. परिवार के अनुसार यदि बेटी ने एक बार भी शादी से इनकार किया होता तो ये सारी तैयारियां वहीं रुक जातीं.

Advertisement

अगर दोषी है तो सजा मिलनी चाहिए

प्रवीण गोयल से पूछा गया कि यदि जांच में उनकी बेटी दोषी पाई जाती है तो उनका क्या कहना होगा. उन्होंने कहा कि यदि अदालत और जांच एजेंसियां यह साबित कर देती हैं कि उनकी बेटी ने अपराध किया है, तो उसे कानून के मुताबिक सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने यहां तक कहा कि न्याय में किसी तरह की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए. पूजा गोयल ने भी कहा कि यदि उनकी बेटी ने वास्तव में अपराध किया है तो उसे भी वहीं से गिरा देना चाहिए. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement