scorecardresearch
 

'...मूसेवाला टाइप कर दूंगा', संजय राउत को लॉरेंस गैंग से मिली जान से मारने की धमकी

उद्धव गुट के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत को जान से मारने की धमकी मिली है. यह धमकी राउत के फोन पर मैसेज कर दी गई है. आरोपी शख्स ने संजय राउत को मेसेज कर कहा कि तेरा भी मूसेवाला कर दूंगा. राउत ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

Advertisement
X
संजय राउत को मिली जान से मारने की धमकी (फाइल फोटो)
संजय राउत को मिली जान से मारने की धमकी (फाइल फोटो)

उद्धव गुट के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जान से मारने की धमकी मिली है. इस धमकी के बाद राउत ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. धमकी देने वाले ने राउत को मैसेज कर कहा की तेरा भी मूसेवाला कर दूंगा. मैसेज में राउत को हिंदू विरोधी कहते हुए गालियां भी दी गई हैं. इस मामले में पुणे पुलिस ने बीती रात एक संदिग्ध को हिरासत में लिया और मुंबई पुलिस को सौंप दिया है.

लॉरेन्स के नाम पर मिली धमकी

लॉरेंस बिश्नोई के नाम से मिली इस धमकी में कहा गया है, ' तू दिल्ली में मिला तो तुझे एके 47 से उड़ा दूंगा, मूसेवाला हो जायेगा..लॉरेंस की तरफ से मैसेज है.. सलमान और तू फिक्स.. तैयारी करके रखना..'  इस धमकी के बाद राउत ने पुलिस को पत्र लिखकर जानकारी दी है. पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

  पिछले साल दिसंबर में भी राउत को जान से मारने की धमकी दी गई थी. तब उन्होंने दावा किया था कि यह धमकी कन्नड़ रक्षण वेदिका नाम के संगठन की तरफ से आई थी.

सलमान को भी मिली थी धमकी

कुछ दिन पहले ही लॉरेंस गैंग की तरफ से बॉलीवुड स्टार सलमान खान फिर से धमकी मिली थी. जिसके बाद केस दर्ज होने के बाद मुंबई पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से पहले भी सलमान को धमकी मिलने और उनपर हमले की प्लानिंग की थी. वहीं पिछले हफ्ते  गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के नाम पर लखनऊ की मशहूर ज्वेलरी शॉप खुन खुन जी ज्वेलर्स के मालिक उत्कर्ष अग्रवाल से रंगदारी मांगी गई थी. उनके नंबर पर व्हाट्सएप कॉल आया था और फोन करने वाले ने 30 लाख रुपये की मांग की थी.

Advertisement

कौन हैं संजय राउत
संजय राउत आज महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा नाम हैं. उद्धव ठाकरे के करीबी नेताओं में शुमार राउत 80 के दशक में मुंबई में क्राइम रिपोर्टिंग करते थे.लोकप्रभा पत्रिका से करियर की शुरुआत करने वाले राउत को अंडरवर्ल्ड रिपोर्टिंग का एक्सपर्ट माना जाता था. दाऊद इब्राहिम, छोटा राजन और अंडरवर्ल्ड पर लिखी उनकी रिपोर्ट्स की मुंबई में खूब चर्चा हुआ करती थी. रिपोर्टिंग की दुनिया में राउत का नाम बड़ा होता गया और वो बालासाहेब ठाकरे की नजरों में आ गए.राउत का मातोश्री पर आना-जाना बढ़ा और शिवसेना प्रमुख ने सिर्फ 29 साल के राउत को शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' का कार्यकारी संपादक बना दिया. इसके बाद शिवसेना के प्रवक्ता बने और बाद में राज्यसभा तक पहुंचे.

 

 

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement