महाराष्ट्र के नागपुर में इंसानियत और रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली घटना सामने आयी है. यहां एक बेटे ने अपनी ही सौतेली मां संग कई बार दुष्कर्म किया जिससे वह गर्भवती हो गयी. मामला नागपुर के मानकापुर थाना अंतर्गत का है जहां एक 26 साल की महिला ने अपने ही सौतेले बेटे पर जान से मारने की धमकी देकर बार-बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगाया है. जब मामला सामने आया तो पीड़िता चार माह की गर्भवती हो चुकी थी.
पीड़िता के अनुसार, साल 2024 में उसकी मुलाकात 55 साल के विकास श्रीवास्तव नामक एक व्यक्ति से हुई, जो एक प्राइवेट बैंक में मैनेजर है. आरोप है कि श्रीवास्तव ने उसे नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं. बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए और उन्होंने मंदिर में जाकर शादी कर ली. शादी के बाद पीड़िता अक्षत से मिली. 21 साल का अक्षत विकास की पहली पत्नी की बेटा है, जो फिलहाल एक जाने माने कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र है.
उसने आगे बताया कि मंदिर में रचाई गई शादी के कुछ ही दिनों बाद पति-पत्नी के बीच घरेलू झगड़े शुरू हो गए, जिसकी शिकायत पुलिस में भी हुई थी. इसके बाद नवंबर 2025 और फिर 10 अप्रैल 2026 को जब वह घर में अकेली थी, तो उसका सौतेला बेटा अक्षत उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया.
पीड़िता के अनुसार, जब उसने यह आपबीती अपने पति को बताई, तो हैरान करने वाली बात सामने आई. पति ने उसे चुप रहने की नसीहत देते हुए कहा कि इस मामले से परिवार में बदनामी होगी और उसके बेटे का भविष्य खराब हो जाएगा. पति की बातों से तंग आकर और अपने साथ हुए जुल्म के खिलाफ उसने हिम्मत जुटाई और मानकापुर थाने पहुंची. पुलिस ने उसकी शिकायत पर सौतेले बेटे के खिलाफ दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है.