मुंबई के मीरा रोड पूर्व स्थित जेपी नॉर्थ सोसाइटी में गुरुवार शाम को बड़ा हादसा हो गया. यहां निर्माणाधीन इमारत की 11वीं मंजिल पर लगी एक विशाल क्रेन अचानक टूटकर सोसाइटी परिसर में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई और कुछ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. क्रेन गिरते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सोसाइटी में मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेपी नॉर्थ कॉम्प्लेक्स के भीतर आरईआरएस (RERS) नामक निर्माणाधीन इमारत पर रोज की तरह काम चल रहा था. तभी 11वें फ्लोर पर भारी सामान उठाने के लिए इस्तेमाल की जा रही विशालकाय क्रेन अचानक संतुलन खो बैठी और सीधे नीचे आ गिरी. क्रेन जैसे ही नीचे गिरी, पूरे इलाके में एक जोरदार धमाका हुआ, जिसे सुनकर आसपास की सोसाइटियों के लोग भी सहम गए. क्रेन की चपेट में आने से सोसाइटी के पार्किंग एरिया और परिसर में खड़ी करीब 15 से 16 गाड़ियां (कार और टू-व्हीलर्स) पूरी तरह से पिचक कर मलबे में तब्दील हो गईं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव कार्य चलाया गया. बाद में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई. पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है.
शुरुआती तौर पर क्रेन गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है. तकनीकी विशेषज्ञ भी इसकी जांच में जुटे हैं कि आखिर निर्माणाधीन क्रेन अचानक कैसे टूट गई. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं और बचाव कार्य में बाधा न डालें. साथ ही हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं.
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. मृतक की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. वहीं इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है.
(इनपुट: प्रवीण नलवाडे)