scorecardresearch
 

मुंबई: चेंबूर स्कूल बस हादसे में एक्शन! लापरवाही पर अधिकारी सस्पेंड, जांच के लिए बनाई गई कमेटी

चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से छात्र की मौत के बाद BMC ने जांच समिति बनाई है. इसके साथ ही, सख्त एक्शन लेते हुए गार्डन अधिकारी को निलंबित कर दिया है.

Advertisement
X
मुंबई के चेंबूर इलाके में स्कूल बस पर पेड़ गिर जाने से अधिकारियों पर सवाल उठ रहे हैं. (Photo: ITG)
मुंबई के चेंबूर इलाके में स्कूल बस पर पेड़ गिर जाने से अधिकारियों पर सवाल उठ रहे हैं. (Photo: ITG)

मुंबई के चेंबूर इलाके में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत हो गई थी. इस घटना की पूरी जांच के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम यानी बीएमसी ने बुधवार को दो सदस्यों की एक कमेटी बनाई. BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े ने डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर (स्पेशल इंजीनियरिंग) पुरुषोत्तम मालवाडे और डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर (इंजीनियरिंग) शशांक भोरे को घटना की जांच करने और आठ दिनों के अंदर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया.

नगर निकाय ने एक बयान में कहा कि कमेटी से विशेषज्ञों की राय लेने और ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के उपाय सुझाने के लिए भी कहा गया है.

घटना में शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आने के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने सख्त कार्रवाई की है. डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर (गार्डन) ने बुधवार को एम-वेस्ट वार्ड के असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट (गार्डन) जगदीश भोईर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि पहली नजर में लापरवाही साफ तौर से दिखाई देती है. आदेश के मुताबिक, "मामले की प्रारंभिक और विभागीय जांच पूरी होने तक निलंबिन का आदेश दिया गया है. 

क्या है पूरा मामला?

मंगलवार को चेंबूर (पश्चिम) में डायमंड गार्डन के पास एक चलती हुई स्कूल बस पर पीपल का पेड़ उखड़कर गिर गया, जिससे 11 साल के एक छात्र की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए. बस में 13 छात्र सवार थे. BMC के बयान के मुताबिक, उखड़े हुए पीपल के पेड़ की उम्र 60 से 70 साल के बीच आंकी गई थी और इसकी हालत को लेकर पहले कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली थी.

Advertisement

सर्वे में सुरक्षित पाया गया था पेड़

इस साल 12 मई को पेड़ का सर्वे किया गया था और बाहरी जांच में यह स्वस्थ और मजबूत पाया गया था. मॉनसून से पहले पेड़ों की सालाना देखभाल के तहत 29 मई को इसकी छंटाई भी की गई थी और तब इसे सुरक्षित पाया गया था.

यह भी पढ़ें: 'पेड़ कब गिरेगा, कौन जानता है?', चेंबूर बस हादसे पर मंत्री शिरसाट का विवादित बयान, विरोध के बाद दी सफाई

BMC के मुताबिक, मॉनसून की तैयारियों के तहत शहर भर में 468 सूखे या खतरनाक पेड़ों की पहचान करके उन्हें हटाया गया और 1,00,318 पेड़ों की छंटाई की गई. बीएमसी ने बताया कि 2023 में मुंबई में 687 पेड़ गिरे थे, जिनमें से 180 BMC की जमीन पर और 507 निजी प्रॉपर्टी पर थे. यह तादाद 2024 में 653 थी और 2025 में बढ़कर 855 हो गई.

जारी की गई प्रेस रिलीज में कहा गया है कि चेंबूर की घटना के बाद, कमिश्नर ने सिविक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे संभावित रूप से खतरनाक पेड़ों की फिर से छंटाई और तय वक्त में दोबारा जांच करें और ऐसी घटनाओं के जोखिम को कम करने के लिए जरूरी कदम उठाएं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement