कमर्शियल LPG की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का असर अब लोगों की जेब पर पड़ने वाला है. मुंबई के रेस्टोरेंट मालिकों ने कहा है कि बढ़ती लागत के चलते खाने की कीमतों में 10 से 20 फीसदी तक इजाफा किया जा सकता है. पश्चिम एशिया संकट के कारण कमर्शियल सिलेंडर की कमी से जूझ रहे रेस्टोरेंट मालिकों को पिछले शुक्रवार को बड़ा झटका लगा था.
केंद्र सरकार ने कमर्शियल LPG की कीमतों में लगभग 1000 रुपए की बढ़ोतरी कर दी थी. 19 किलो का गैस सिलेंडर, जो पहले 2,031 रुपए में मिलता था, अब 3,024 रुपए का हो गया है. एक झटके में 993 रुपए की बढ़ोतरी हो गई. वहीं छोटे विक्रेताओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमत 241 बढ़कर 596.50 रुपए से 838 रुपए हो गई.
हालांकि आम उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलो का घरेलू LPG सिलेंडर अभी 912.50 रुपए पर ही स्थिर है. रेस्टोरेंट इंडस्ट्री से जुड़े संगठनों ने इस बढ़ोतरी को बड़ा झटका बताया है. AHAR के अध्यक्ष विजय के शेट्टी ने कहा कि इस साल यह पांचवीं बढ़ोतरी है. इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है. इसकी वजह से खाने की कीमतें तो बढ़ेंगी, मीनू भी कम करना पड़ेगा.
विजय शेट्टी ने कहा, ''हमारे उद्योग पर इस बढ़ोतरी का असर पड़ा है. रेस्टोरेंट खाने की कीमतें 10 से 20 फीसदी तक बढ़ा देंगे. अप्रैल में 195.50 रुपए और मार्च में 144 रुपए की बढ़ोतरी के बाद, अब 993 रुपए की नई बढ़ोतरी के साथ तीन बार की समीक्षा में कुल 1332.50 रुपए की भारी बढ़ोतरी हो चुकी है." रेस्टोरेंट इंडस्ट्री पहले से ही आपूर्ति की वजह से संकट में है.
इसके चलते कई जगहों पर ऑपरेशन में कटौती, मेन्यू सीमित करने और अस्थायी तौर पर रेस्टोरेंट बंद करने जैसी नौबत आ रही है. सायन में स्थित हनुमान वेज रेस्टोरेंट भी उन जगहों में शामिल है, जहां कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है. रेस्टोरेंट के मालिक रविकिरण नायक ने कहा कि वे करीब 10 फीसदी तक दाम बढ़ाएंगे. ज्यादा कीमतें बढ़ाना संभव नहीं है.
उन्होंने कहा, ''शायद यह भी इस असर को झेलने के लिए काफी न हो, लेकिन हम इससे ज्यादा नहीं बढ़ा सकते, क्योंकि हमारे ग्राहक मुख्य रूप से मध्यम वर्ग के लोग हैं. इस बढ़ोतरी से रेस्टोरेंट बंद होने और नौकरियां जाने का खतरा है.'' कमला मिल्स कंपाउंड स्थित उडुपी श्रीकृष्ण और रे रोड पर स्थित नूतन बार एंड रेस्टोरेंट 20 फीसदी तक कीमत बढ़ाने की तैयारी में हैं.
रेस्टोरेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोग सरकार से राहत की मांग कर रहे हैं. विजय शेट्टी ने कहा, ''हम चाहते हैं कि सरकार इस बढ़ोतरी को वापस ले. कई लोगों ने पाइप गैस के लिए आवेदन किया है, लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं मिला है. कारोबार में और भी कई खर्च होते हैं, ऐसे में सरकार को राहत देनी चाहिए.'' इस तरह बाहर खाना खाना पहले से ज्यादा महंगा होने वाला है.