scorecardresearch
 

Railway News: गर्मी में मुंबई लोकल का सफर होगा आसान, मेन लाइन पर बढ़ेंगी AC ट्रेनें

मुंबई लोकल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. सेंट्रल रेलवे ने 29 जून 2026 से मेन लाइन की 12 नॉन-एसी लोकल ट्रेनों को AC लोकल में बदलने का फैसला किया है. इसके साथ ही सेंट्रल रेलवे पर एसी लोकल ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 120 हो जाएगी, जिनमें मेन लाइन पर 92 और हार्बर लाइन पर 28 सेवाएं शामिल होंगी.

Advertisement
X
CST Railway Station Mumbai local train service (File Photo: PTI)
CST Railway Station Mumbai local train service (File Photo: PTI)

मुंबई की लोकल ट्रेनों में रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. अब सफर के दौरान उमस भरी गर्मी नहीं सताएगी. दरअसल, यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने मेन लाइन पर 12 और नॉन-एसी लोकल ट्रेनों को AC लोकल में बदलने का फैसला किया है.

सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, 29 जून (सोमवार) से 12 नॉन-AC लोकल ट्रेनों को एयर-कंडीशंड (AC) लोकल ट्रेनों से बदल दिया जाएगा. इस बदलाव के बाद सेंट्रल रेलवे के नेटवर्क पर कुल AC ट्रेनें 120 हो जाएंगी. 

रेलवे ने हाल ही में जानकारी दी थी कि बढ़ती भीड़ और यात्रियों की AC ट्रेनों की मांग को देखते हुए यह फैसला किया गया है. बता दें कि कुल ट्रेनों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा. सिर्फ पुरानी नॉन-AC ट्रेनों की जगह नई AC लोकल ट्रेनें चलेंगी.

कितनी AC ट्रेनें बढ़ेंगी?

  • मेन लाइन पर वर्किंग डेज (सोमवार से शनिवार) में AC ट्रेनों की संख्या 80 से बढ़कर 92 हो जाएगी.
  • हार्बर लाइन पर पहले की तरह 28 AC ट्रेनें चलेंगी.
  • मुंबई डिवीजन में कुल AC ट्रेनों की संख्या 120 हो जाएगी.

इन 12 नई AC ट्रेनों में 6 अप और 6 डाउन दिशा की ओर चलेंगी. इनमें पीक आवर्स की महत्वपूर्ण ट्रेनें भी शामिल हैं. नई एसी लोकल ट्रेनें टिटवाला, कल्याण, ठाणे, घाटकोपर, कुर्ला और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के बीच संचालित होंगी. 

Advertisement

सोमवार से शनिवार तक ये ट्रेनें AC रेक (बोगियों) से चलेंगी लेकिन रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन इन्हें नॉन-एसी रेक से चलाया जाएगा. रेलवे का कहना है कि इस फैसले से यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी और AC लोकल की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी.

सेंट्रल रेलवे के इस कदम से गर्मी के मौसम में AC ट्रेन में यात्रा करना आरामदायक होगा. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए आगे भी ऐसी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement